चतरा. नगर परिषद क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई और डोर-टू-डोर कचरा उठाव नहीं होने से विभिन्न मोहल्लों में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा है. इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गंदगी को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
एनजीओ की कार्यप्रणाली पर पार्षदों ने जतायी नाराजगी
नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रेमचंद साव की अध्यक्षता में वार्ड पार्षदों की बैठक हुई. बैठक में डोर-टू-डोर कचरा उठाव का काम कर रही एमएसडब्लू एनजीओ की कार्यप्रणाली पर पार्षदों ने नाराजगी जतायी. पार्षदों ने कहा कि नगर परिषद के किसी भी वार्ड में नियमित रूप से घर-घर से कचरा नहीं उठाया जा रहा है, जिससे लोग मजबूर होकर घरों का कचरा आसपास के खाली स्थानों और सड़कों के किनारे फेंक रहे हैं.
कई मोहल्लों में लंबे समय से जमा है कचरा
पार्षदों ने बताया कि कई मोहल्लों में लंबे समय से कचरा जमा है. हवा चलने पर कचरा सड़कों पर फैल जाता है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है. पार्षदों ने आरोप लगाया कि एमएसडब्लू एनजीओ विभागीय पदाधिकारियों से मिलीभगत कर मनमानी कर रही है और जनता के टैक्स के पैसे का उचित उपयोग नहीं हो रहा है.
ये भी पढ़ें: केदला में युवाओं को कौशल विकास व रोजगार से जोड़ने पर जोर, टाटा स्टील फाउंडेशन ने दी जानकारी
कार्यपालक पदाधिकारी से शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
पार्षदों ने बताया कि कचरा उठाव में सुधार को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी से भी शिकायत की गयी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ.
सुधार नहीं हुआ तो उपायुक्त से होगी शिकायत
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि अविलंब डोर-टू-डोर कचरा उठाव और साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो मामले की शिकायत नगर विकास विभाग, रांची और उपायुक्त से की जायेगी.
बैठक में वार्ड पार्षद आबिद हुसैन, दीपक कुमार वर्मा, विनोद राम, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पिंटू सिंह, सुनील कुमार, मो. गुड्डून समेत कई लोग उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के 11 खिलाड़ियों का SGFI नेशनल के लिए चयन, बनाया नया रिकॉर्ड
