कान्हाचट्टी(चतरा). राजपुर थाना क्षेत्र की बंदा नदी के पास एक वृद्ध का शव मिला. शव की पहचान रेबा भुईयां (80 वर्ष) कंदरी गांव के रूप में हुई. सबसे पहले मवेशी चराने वाले चरवाहों ने शव को देखा. वे इसे देखकर घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पाकर थाना प्रभारी रूपेश कुमार राय पुलिस टीम के साथ नदी के पास पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया. शव की पहचान होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया गया.
घर में विवाद के बाद गुस्से में निकले थे वृद्ध
जानकारी के अनुसार वृद्ध कुछ दिन पूर्व घर में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद गुस्से में घर से बाहर निकल गये थे. ये विवाद किसी से था या पुरानी किसी बात पर था, यह फिलहाल साफ नहीं है. इसके बाद से वे लापता थे.
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है.
ये भी पढ़ें: चतरा में कचरे का अंबार देख भड़के पार्षद, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
