कुंदा. सावन पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को आस्था के ऐतिहासिक केंद्र महादेव मठ कुंदा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. करीब 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था.
शिवगुफा के बाहर लगी लंबी कतार
पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया. भक्त गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, फूल और अन्य पूजन सामग्री लेकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए. अत्यधिक भीड़ के कारण प्राकृतिक शिवगुफा में प्रवेश के लिए पुरुषों और महिलाओं की अलग-अलग लंबी कतारें लगी रहीं. भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालु अनुशासन के साथ अपनी बारी का इंतजार करते रहे. पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव, जय शिव शंभू और बाबा भोलेनाथ की जय के जयकारों से गूंजता रहा.
जलाभिषेक के बाद अखंड हरिकीर्तन
विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में आयोजित अखंड हरिकीर्तन में भाग लिया. संकीर्तन मंडली की प्रस्तुति से माहौल भक्तिमय बना रहा. पूजा-अर्चना के बाद समिति की ओर से महाप्रसाद का वितरण किया गया और भंडारे का आयोजन हुआ.
ये भी पढ़ें: गांव की बहनों ने जवानों की कलाई पर बांधी राखी, भावुक हुए सुरक्षा प्रहरी
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए थे. कतारबद्ध दर्शन कराने के लिए स्वयंसेवकों को तैनात किया गया था. इससे दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने सुगमतापूर्वक दर्शन-पूजन किया.
समिति के अध्यक्ष सह कुंदा मुखिया मनोज कुमार साहु ने बताया कि महादेव मठ में वर्ष 1980 से अखंड हरिकीर्तन का आयोजन होता आ रहा है. यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नींबू पानी, प्रसाद और भंडारे की व्यवस्था की जाती है.
ये भी पढ़ें: चतरा-सिमरिया कॉलेज में खेलों का जोश, युवाओं ने लिया नशामुक्ति और फिटनेस का संकल्प
