इटखोरी. सावन पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को मां भद्रकाली मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह होने से पहले ही श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. रात करीब दो बजे से ही सैकड़ों श्रद्धालु डीजे की धुन पर झूमते और भक्ति गीतों के बीच मंदिर पहुंचते नजर आए.
श्रद्धालुओं ने सबसे पहले उत्तर वाहिनी मोहाने नदी में स्नान किया. इसके बाद मां भद्रकाली मंदिर पहुंचकर माता का दर्शन और पूजा-अर्चना की. दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर स्थित सहस्त्र शिवलिंग पर जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ की पूजा की. इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ और भक्ति का माहौल बना रहा.
सावन पूर्णिमा को लेकर मंदिर में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला. दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु माता के दर्शन और भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
