चतरा. हंटरगंज में पर्वत पुरूष दशरथ मांझी के 19वें महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्यूलर) के द्वारा विशाल बाइक रैली निकाली गयी. बाइक रैली हंटरगंज से शुरू होकर जोरी, चतरा के बाबा घाट होते हुए गया जिले के गहलौर घाटी स्थित विशाल बाबा दशरथ मांझी के समाधि स्थल के पहुंचे. बाइक रैली का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज भुईयां ने किया. बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता बाइक पर सवार होकर दशरथ मांझी को श्रद्धांजलि व सम्मान अर्पित करते हुए गहलौर घाटी गये.
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष, अदम्य साहस, समाज के प्रति योगदान को याद किया. जिलाध्यक्ष ने कहा कि दशरथ मांझी ने अपने दृढ़ संकल्प व अथक मेहनत से पहाड़ काट कर रास्ता बनाने जैसा असंभव कार्य संभव कर दिखाया. उन्होंने यह कार्य किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आम लोगो की सुविधा के लिए किया था. उनका संघर्ष व सेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्त्रोत रहेगा.
उन्होंने केंद्र सरकार से दशरथ मांझी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की. कहा कि समाज के प्रति उनके योगदान व समर्पण को देखते हुए उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलना चाहिए. रैली में मीडिया प्रभारी नंदलाल भारती, युवा प्रकोष्ठ के शिवकुमार भारती, शैलेश भारती, सिकंदर अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष नंदकिशोर भारती, रिंकू भारती, सत्येंद्र भारती, उदय भारती सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे.
ये भी पढ़ें: स्कूल का ताला तोड़कर चोरी, सामान लेकर बुलेट से भाग रहे थे बदमाश; पुलिस ने दो को दबोचा
ये भी पढ़ें: चतरा में 3 लाख की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस को देखकर जंगल में भागा दूसरा आरोपी
