इटखोरी महोत्सव में हर दिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम: डीसी

महोत्सव को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक

तैयारी. महोत्सव को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक चतरा. राजकीय इटखोरी महोत्सव की तैयारी को लेकर सोमवार को उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने समाहरणालय स्थित काॅन्फ्रेंस हॉल में समीक्षा बैठक की. जिसमें एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, डीडीसी अमरेंद्र कुमार सिन्हा समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे. बैठक में सुरक्षा, दर्शक दीर्घा, स्थायी व मोबाइल शौचालय, साफ-सफाई, मंदिर से मेन रोड तक सड़क मरम्मत, विद्युत आपूर्ति समेत अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने महोत्सव के दौरान किसी तरह की चूक नहीं हो, इसे लेकर सभी विभागों को तैयारी पूर्ण करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि 19, 20, 21 फरवरी को इटखोरी महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. महोत्सव में प्रत्येक दिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जायेगा, जिसमें वॉलीवुड के जाने-माने कलाकारों के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आये कलाकार रंगारंग प्रस्तुति देंगे. लोक नृत्य, लोक गीत, पारंपरिक व आधुनिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. महोत्सव के दौरान आधुनिक तकनीक से सुसज्जित भव्य ड्रोन शो का भी आयोजन किया जायेगा, जो दर्शको के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा. उन्होंने कहा कि 19 व 20 फरवरी को इटखोरी के बक्शा डैम में आम लोगों के लिए नि:शुल्क विभिन्न वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा. सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वही भेड़ीफॉर्म डैम में पैरा ग्लाइडिंग की व्यवस्था की गयी है. 21 फरवरी को महाने नदी के तट पर गंगा आरती की जायेगी. बैठक में एसडीओ जहूर आलम, सिमरिया प्रभारी एसडीओ महेश्वरी प्रसाद, डीपीआरओ शकील अहमद, खेल पदाधिकारी कैलाश राम समेत कई उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >