कड़ी सुरक्षा के बीच मत पेटी व बैलेट पेपर लेकर पहुंचे मतदान कर्मी प्रतिनिधि,चतरा
नगर परिषद चुनाव का मतदान सोमवार को होगा. मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा. इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी है. रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कीर्तिश्री जी व एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने चतरा कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम से मतदान कर्मियों को मतपेटी व बैलेट पेपर के साथ रवाना किया. इसके पूर्व मतदान कर्मियों को मल्टीपर्पस हॉल में डीसी व एसपी ने ब्रीफ कर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने की बात कही. कड़ी सुरक्षा के बीच बैलेट पेपर व मत पेटी लेकर मतदान कर्मी मतदान केंद्र पहुंचे. चुनाव को लेकर 28 भवनो में 42 मतदान केंद्र बनाये गये है. जिसमें 20 सामान्य व 22 मतदान केंद्र संवेदनशील है. मतदान केंद्रो में मूलभूत सुविधाएं पानी, शौचालय, बिजली, रैंप समेत अन्य सुविधाएं बहाल की गयी है. 36 हजार 261 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिसमें पुरूष 17 हजार 879 व महिला मतदाताओं की संख्या 18 हजार 382 है. बता दें कि नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के 22 व वार्ड पार्षदो के लिए 82 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है. 27 फरवरी को मतगणना होगा. मतदान कर्मियों को मत पेटी व बैलेट पेपर के साथ रवाना के मौके पर ऑब्जर्वर सुधीर कुमार दास, एसी अरविंद कुमार, चतरा एसडीपीओ संदीप सुमन, सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल समेत कई शामिल थे.
अध्यक्ष के लिए ये हैं उम्मीदवार
नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है. जिसमें अताउर रहमान, अभिषेक कुमार, अमन कुमार, मो आशिक, मो इरफान आलम, जमुना प्रसाद, मो तनवीर अख्तर, मो तौफीक आलम, दिनेश कुमार, पप्पु कुमार यादव, मो बशीर नेजामुद्दीन, बिरेंद्र दास, राज वीर, राजेश कुमार, राजेश कुमार रौशन, लक्ष्मी प्रसाद शुक्ल, विद्यासागर आर्य, शंकर प्रसाद, संजय कुमार, संजय कुमार जायसवाल, सुदेश कुमार व हिमांशु कुमार शामिल है.
मतदान के लिए ये कार्ड लेकर जाये
मतदाता अपने मतदान केंद्र में मतदान के लिए वोटर आइडी लेकर जाये. जिनके पास वोटर आइडी कार्ड नहीं है, वे आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, बैक डाकघर का पासबुक, एनपीआर कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, पेंशन दस्तावेज आदि में से किसी एक के माध्यम से वोट दे सकते है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.