चतरा. शहर में बिजली कटौती की समस्या लगातार बनी हुई है. उमसभरी गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. बार-बार बिजली कटने से उपभोक्ताओं में विद्युत विभाग, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. उपभोक्ताओं का कहना है कि दिन हो या रात, बिजली की आंख-मिचौली जारी रहती है.
लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है. नियमित बिजली नहीं मिलने से बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. पानी की मोटर नहीं चल पा रही है. वहीं मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज करने में भी लोगों को परेशानी हो रही है. रविवार की रात करीब सात घंटे बिजली गुल रही. रात 12 बजे से सुबह सात बजे तक लंबे समय तक बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी में रात गुजारनी पड़ी.
इससे लोगों की नींद प्रभावित हो रही है. उपभोक्ताओं के अनुसार बिजली कटौती के संबंध में विद्युत विभाग की ओर से कभी फॉल्ट, कभी लोड शेडिंग तो कभी अन्य तकनीकी कारण बताया जाता है. लेकिन लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है. लोगों का कहना है कि वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद उन्हें निर्बाध बिजली नहीं मिल रही है.
उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से बिजली व्यवस्था में सुधार कर नियमित और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है. साथ ही जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से भी मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है.
कार्यपालक अभियंता ने कहा
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार सिंह ने कहा कि चतरा-इटखोरी मुख्य लाइन में फॉल्ट आ गया था. जिसे ढूंढ कर फॉल्ट को दूर किया गया. इसके बाद बिजली बहाल की गई है.
