हादसा. बाजारटांड़-सिलदाग पथ पर नर्सरी के पास सड़क दुर्घटना : लावालौंग साप्ताहिक हाट से बाइक से घर लौट रहा था युवक लावालौंग. बाजारटांड़-सिलदाग पथ स्थित नर्सरी के पास सोमवार की देर शाम टेंपो ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. उसकी पहचान सिलदाग पंचायत के महुआडीह गांव निवासी प्रकाश ठाकुर (38) के रूप में की गयी. घटना के बाद चालक टेंपो लेकर फरार हो गया. सूचना मिलते ही परिजन लावालौंग पहुंचे और शव देख दहाड़ मार कर रोने लगे. जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को थाना ले आये. मंगलवार को सदर अस्पताल चतरा में पोस्टमार्टम करा कर शव को परिजनों को सौंप दिया. बीडीओ सह सीओ विपिन कुमार ने मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने का आश्वासन दिया. परिजनों ने बताया कि प्रकाश लावालौंग साप्ताहिक हाट से बाइक से घर लौट रहा था. इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी. मृतक प्रकाश घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं. घटना से उसकी मां, पत्नी, बच्चे व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
टेंपो के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत
बाजारटांड़-सिलदाग पथ पर नर्सरी के पास सड़क दुर्घटना
