चतरा. सदर थाना पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर पॉक्सो एक्ट के आरोपी राजू कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसे चतरा-डोभी मुख्य मार्ग से गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी तुराग गांव निवासी कैलू ठाकुर का पुत्र है. सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि कुछ दिन पहले राजू कुमार एक नाबालिग लड़की को लेकर फरार हो गया था. मामले को लेकर नाबालिग की मां ने सदर थाना में आवेदन दिया था. आवेदन के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी.
तकनीकी सहयोग से आरोपी तक पहुंची पुलिस
नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी सहयोग के आधार पर लगातार छापेमारी की. इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को चतरा-डोभी मुख्य मार्ग से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. वहीं, पुलिस ने नाबालिग को भी बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है. छापेमारी टीम में पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार समेत कई पुलिस जवान शामिल थे.
ये भी पढ़ें: SSB 35वीं बटालियन का 20वां स्थापना दिवस में दिखी भारत की बहुरंगी संस्कृति, श्वान दस्ते ने दिखाए करतब
