चतरा. स्नातक सेमेस्टर वन (2024-28) के परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेकर अभाविप कार्यकर्ताओं ने चतरा कॉलेज में धरना दिया. नेतृत्व अभाविप कॉलेज अध्यक्ष साहिल सांगा व कॉलेज मंत्री संदीप यादव ने किया. प्राचार्य के कार्यालय के बाहर गेट पर कार्यकर्ताओं ने धरना देते हुए कहा कि सेमेस्टर वन के हाल में जारी रिजल्ट में कॉलेज के लगभग 50 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों को प्रमोट किया गया है. यह विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. प्रदेश सह मंत्री रोहित पांडेय ने कहा कि दो दिन पूर्व इस मामले को लेकर कॉलेज के प्राचार्य के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन ठोस पहल नहीं की गयी. कॉलेज में शिक्षकों की कमी है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है. कई विषयों के लिए एक भी शिक्षक नहीं हैं. प्रमोट होने से विद्यार्थियों को बार-बार परीक्षा फॉर्म भरने से आर्थिक नुकसान व परीक्षा देने का मानसिक तनाव बना रहता है. हिंदी जैसे विषय में विद्यार्थियों को मात्र छह नंबर देकर प्रमोट किया गया है. कार्यकर्ताओं ने विवि प्रशासन से जारी परिणाम को रद्द कर संशोधित परिणाम जल्द प्रकाशित करने की मांग की. मौके पर प्रदेश खेलो सह संयोजक मुन्ना यदुवंशी, हजारीबाग विभाग सह संयोजक उज्ज्वल साहू, जिला संयोजक रौनक सिंह, नगर मंत्री विशाल प्रजापति, नगर सह मंत्री अनुराग कुमार आर्य, सनी टाइगर, आशीष कुमार, अर्णव श्रीवास्तव, आशुतोष, मोहित, विवेक, आदर्श, निशांत, हर्ष, खुशी, निशा, सुमित्रा, कविता समेत अन्य उपस्थित थे.
प्राचार्य ने कहा
प्राचार्य डॉ0 मुकेश झा ने कहा कि शनिवार को ही अभाविप के प्रतिनिधिमंडल को परीक्षा नियंत्रक से बात करा कर समस्या से अवगत कराया गया था. गेस मार्क्स के लिए आवेदन मांगा गया. सकारात्मक आश्वासन के बावजूद कार्यकर्ताओं ने धरना दिया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
