प्रतिनिधि, चाईबासा
तांतनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत कड़िया सिंदरी स्थित मोड़ पर गुरुवार की शाम सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गयी, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान तांतनगर के सोलपाड़ा गांव निवासी मार्टिन बोदरा (35) के रूप में हुई. वहीं घायल बाइक सवार की पहचान बिचागुटु गांव निवासी रामचंद्र सवैंया के रूप में की गयी है.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब 6:30 बजे मार्टिन बोदरा तांतनगर साप्ताहिक बाजार से पैदल अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान कड़िया सिंदरी मोड़ के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पैदल चल रहा मार्टिन और बाइक चालक रामचंद्र दोनों ही सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आयीं. घटना की सूचना मिलते ही तांतनगर ओपी पुलिस पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा गया. वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मार्टिन बोदरा को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल रामचंद्र सवैंया का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ड्यूटी खत्म कर गांव लौट रहा था बाइक चालक
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे. घायल रामचंद्र सवैंया की पत्नी ने बताया कि उनके पति कुजू स्थित रुंगटा प्लांट में ठेकेदार के अधीन काम करते हैं. वे सुबह 5:30 बजे ड्यूटी पर गये थे. शाम को काम खत्म करने के बाद अपने पैतृक गांव बिचागुटु लौट रहे थे.
