चक्रधरपुर: प्रखंड कार्यालय के समीप एफसीआई गोदाम के बाहर खड़े चावल लदे ट्रक से रविवार देर रात चावल चोरी करते एक युवक को ट्रक चालक ने पकड़ लिया. पकड़े गये युवक की पहचान रेलवे क्षेत्र के गैंग खोली निवासी विकास सतनामी के रूप में बतायी गयी है. चालक ने युवक को पकड़ने के बाद ट्रक में बांधकर रखा और घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी.
ट्रक के पिछले हिस्से का प्लास्टिक खुला मिला
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक संजय शर्मा सरायकेला स्थित एफसीआई गोदाम से चावल लेकर चक्रधरपुर पहुंचे थे. रविवार को छुट्टी होने के कारण एफसीआई गोदाम बंद था. ऐसे में उन्होंने ट्रक को प्रखंड कार्यालय के सामने खड़ा कर दिया और ट्रक में ही सो रहे थे. रात करीब दो बजे शौच के लिए उठने पर उन्होंने ट्रक के पिछले हिस्से का प्लास्टिक खुला देखा. इससे उन्हें ट्रक से चावल चोरी होने का संदेह हुआ.
ई-रिक्शा में चावल लादकर भाग रहा था युवक
इसके बाद संजय शर्मा ने आसपास सो रहे अन्य ट्रक चालकों को जगाया और चोरी गये चावल की तलाश शुरू की. इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के बाहर एक युवक ई-रिक्शा में चावल का बोरा लादकर ले जाता दिखाई दिया. चालक ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया. युवक भागने लगा, लेकिन अन्य चालकों की मदद से उसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया.
चालक संजय शर्मा ने बताया कि पकड़े गये युवक को एफसीआई के एजीएम के आने के बाद उनके हवाले किया जायेगा. घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दे दी गयी है.
