Chaibasa News : हड़िया बिक्री छोड़ने पर मिला प्रोत्साहन

सदर प्रखंड. कुमारहातु में सरकार आपके द्वार शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

चाईबासा. सदर प्रखंड के कमारहातु फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत मतकमहातु पंचायत के लाभुकों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग तोपनो, सदर बीडीओ अमिताभ भगत, सीओ उपेंद्र कुमार, मुखिया जुलियाना देवगम, पंचायत समिति सदस्य दीनबंधु देवगम व मुंडा बिरसा देवगम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. मुख्य अतिथि श्री तोपनो ने कहा कि लोग अपने पारिवारिक कार्यों में व्यस्त रहने और जानकारी के अभाव के कारण कई बार सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते. ऐसे में यह शिविर लोगों तक योजनाओं की जानकारी व लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आपके द्वार कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं. शिविर में बैंक, कृषि, आपूर्ति, शिक्षा विभाग सहित प्रखंड व अंचल कार्यालय के विभिन्न कार्यों से संबंधित आवेदन लिए गए. अबुआ आवास, मंईयां सम्मान योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं समेत कई लाभुकों को मौके पर सुविधा प्रदान की गयी. कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस की प्रकाश आजीविका सखी मंडल को डेढ़ लाख, मतकमहातु ग्राम महिला संगठन को एक लाख और फूलो-झानो योजना के तहत हड़िया-दारू बिक्री छोड़ सम्मानजनक व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहन स्वरूप 50 हजार रुपये का चेक अतिथियों द्वारा सौंपा गया. आंगनबाड़ी केंद्र की ओर से उपस्थित अतिथियों ने लाभुक अनीष पाड़ेया की गर्भवती पत्नी संजू बिरुवा की गोद भराई की रस्म भी अदा की. वहीं जयसिंह देवगम और रामसिंह देवगम (दोनों सात माह के) का मुंहजूठी संस्कार कराया गया.

अबुआ आवास के 120 व मंईयां योजना के 119 आवेदन आये

नोवामुंडी. नोवामुंडी प्रखंड की पोखरपी पंचायत में आयोजित ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ सीओ मनोज कुमार और बीडीओ पप्पू रजक ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीण बड़े उत्साह के साथ योजनाओं का लाभ पाने के लिए पहुंचे. शिविर में कुल 22 स्टॉल लगाये गये थे, जिसमें अबुआ आवास और मंईयां सम्मान योजना के काउंटर पर सबसे अधिक भीड़ देखी गयी. पशुपालन विभाग द्वारा 40 पशुपालकों को दवा की व्यवस्था दी गयी. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने 56 लोगों की जांच कर दवाइयां दी. डॉ. व्हील के शिविर में 52 लोगों की जांच एवं दवा वितरण किया गया. शिविर में वृद्ध विधवा जानकी लागुरी (पोखरपी पंचायत निवासी) जो कई वर्षों से पेंशन से वंचित थीं उन्हें भी बड़ी राहत मिली. बीडीओ पप्पू रजक व सीओ मनोज कुमार ने वहीं पर उनका पेंशन फॉर्म स्वीकृत किया और अगले महीने की 10 तारीख से पेंशन राशि आने का आश्वासन दिया. कार्यक्रम में सीओ मनोज कुमार, बीडीओ पप्पू रजक, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी पूजा मुखर्जी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह देव, कनीय अभियंता राहुल कुमार, बीपीओ सखी मुंडा, केपी सिंह, कौशल कुमार, बामनिया मैरल, अभिनव प्रकाश, रामचंद्र हसदा, इमरान राजा, राहुल प्रजापति, राशिद इक़बाल, पंचायत सचिव यशोदा दोराई, ज़ेबा निकहत, मोहम्मद इमरान रजा के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम से डॉ. नागमणि, मेहरा, सलोनी मुंडू, सीमा खालको, दीपक बेहरा, दीपक चौधरी, राकेश कुमार, जेएसएलपीएस समूह की पुनमश्री लागुरी, कुंतीमाई बिरुली, जेमा चातोंबा, सुशीला तियु, बसंती बोबोंगा, विनोति लागुरी उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >