Chaibasa News : टावर से बैटरी चोरी कर भाग रहे बिहार के तीन युवकों को दबोचा

जिला पुलिस ने बैटरी चोरी के आरोप में सिरिंगसिया घाटी से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है.

झींकपानी.

जिला पुलिस ने बैटरी चोरी के आरोप में सिरिंगसिया घाटी से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. टोंटो थाना क्षेत्र के सिरिंगसिया घाटी में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एयरटेल टावर से बैटरी चोरी कर भाग रहे तीनों युवकों को पकड़ा. उनके पास से एक पिकअप वैन और उसमें लदी 24 बैटरियां बरामद की गयीं. पकड़े गये सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं. इनमें मनोज झा (40) समस्तीपुर जिले के रोसड़ा से, पिकअप चालक चितरंजन कुमार (28) पटना जिले के शाहजहांपुर से और शत्रुघ्न पासवान (21) नालंदा जिले के जगदीशपुर तियारी का निवासी है. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर चाईबासा जेल भेज दिया है. यह जानकारी जगन्नाथपुर के एसडीपीओ राफायल मुर्मू ने टोंटो थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.

पहले टावर लगाते थे, फिर बैटरियों की चोरी करते थे : एसडीपीओ

एसडीपीओ ने बताया कि 11 अक्तूबर की रात करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि टोंटो थाना क्षेत्र के रुतागुटू स्थित नवनिर्मित एयरटेल टावर से बैटरी चोरी कर कुछ युवक पिकअप (बीआर 01-जीएन 1123) से भाग रहे हैं. सूचना पर एसपी को अवगत कराया गया. निर्देश मिलने पर एसडीपीओ के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन हुआ और वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. आरोपी गुवा की ओर से भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन गुवा पुलिस की सतर्कता से उधर से नहीं निकल सके. इसके बाद उन्होंने टोंटो के सिरिंगसिया घाटी की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन 12 अक्तूबर की शाम करीब 5 बजे वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े गये.

पेशेवर अपराधी हैं तीनों आरोपी : एसडीपीओ

पुलिस ने तीनों आरोपियों और पिकअप वैन में लदी 24 बैटरियों को जब्त कर लिया. एसडीपीओ ने बताया कि तीनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं. वे टावर लगाने का काम करते हैं और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद टावर से बैटरियां चोरी कर लेते हैं. इन लोगों ने इससे पहले मझगांव के एक टावर से 24 बैटरियां और सितंबर माह में खूंटी क्षेत्र से 48 बैटरियां चोरी की थीं. गिरफ्तारी अभियान में एसडीपीओ राफायल मुर्मू, टोंटो थाना प्रभारी सुकुमार हेम्ब्रम, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, टोंटो के पुअनि राजीव रंजन मिश्रा, पुअनि रणधीर कुमार, सअनि बसंत प्रधान तथा पुलिस के जवान शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >