Chaibasa News : देवझर में चट्टान टूटकर ट्रैक पर गिरा, नोवामुंडी स्टेशन और कॉलोनी में भरा बारिश का पानी

बारिश का असर. मालगाड़ियों का परिचालन बाधित, ट्रैक की निगरानी में जुटा रेलवे

चक्रधरपुर. भारी बारिश का असर चक्रधरपुर रेल मंडल के लोडिंग प्वाइंट व रेल परिचालन पर पड़ रहा है. रविवार को हुई बारिश से देवझर स्टेशन के लाइन नंबर-7 में चट्टान टूटकर गिर गया. इससे रेलवे लाइन जाम हो गया. ट्रैक से चट्टान को हटाने में रेलवे जुटी है. वहीं रेलवे ट्रैक की निगरानी की जा रही है. मालगाड़ियों का परिचालन बाधित हो गयी है.

ट्रैक से जलनिकासी करने में जुटा रेलवे :

नोवामुंडी स्टेशन, ट्रैक व लोडिंग प्वाइंट में जलजमाव हो गया. रेलवे ट्रैक के ऊपर से पानी बह रहा है. इससे ट्रैक नजर नहीं आ रहा है. ट्रैक की मिट्टी धंसने की संभावना जताते हुए रेलवे ने एहतियात बरतना शुरू कर दी है. तेज बारिश के कारण ट्रैक के नीचे की मिट्टी धंसने के कगार पर है. इसे देखते हुये रेलवे ट्रैक से जल निकासी करने में जुटी है. लोडिंग प्वाइंट में पानी भर जाने से माल-ढुलाई पर असर पड़ा है. वहीं मालगाड़ियों का परिचालन बाधित हो गयी है. नोवामुंडी व आस-पास के क्षेत्रों में रेलवे की टीम ट्रैक की निगरानी शुरू कर दी है. सुबह से पुल-पुलियों व नदियों में जल स्तर का जायजा ले रही है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक किसी भी समय नदियां उफान पर आ सकती है. इससे पुल व पुलियों को नुकसान हो सकता है. बारिश के कारण चक्रधरपुर, नोवामुंडी, बंडामुंडा, डांगुवापोसी की रेलवे कॉलोनियों में जलजमाव हो गया. इससे जनजीवन काफी प्रभावित हो गया है. रेलकर्मियों को ड्यूटी जाने में परेशानी हो रही है. सबसे अधिक रनिंग स्टाफ परेशान हैं. उन्हें बैग व अन्य सामानों को लेकर एक लाइन से दूसरे लाइन को पार करना पड़ रहा है. खासकर कॉलोनियों में पानी घुसने से रेलकर्मियों को अधिक परेशानी हो रही है.

नोवामुंडी पीएचसी सेमत कई घरों में घुसा पानी, परेशान रहे लोग

रविवार सुबह 11 बजे से भारी बारिश शुरू हो गयी. बारिश के कारण साप्ताहिक हाट में सन्नाटा पसरा रहा. दूरदराज से सब्जी बेचने आये ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश के कारण बाजार में ग्राहक भी कम दिखायी दिये. साप्ताहिक हाट में जलजमाव हो गया. शिशु मंदिर मुख्य मार्ग, स्टेशन रोड, बंगालीपाड़ा, कोल्हान हाटिंग, काली पूजा पंडाल, पीएचसी परिसर, थाना, रेलवे फाटक, लखन साई मुख्य मार्ग में जल जमाव हो गया. काली मंदिर में जलजमाव होने के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हुई. जलजमाव का सबसे बड़ा कारण जल निकासी के लिए बनायी गयी नालियां हैं, जो जाम पड़ी है. वहीं नोवामुंडी पीएचसी के सभी एएनएम क्वार्टर में बारिश का पानी घुस गया. पीएचसी के प्रसव गृह में भी बारिश का पानी घुस गया. बिजली की आंखमिचौली भी जारी रही. रेलवे फाटक में पानी भरने कारण मार्केट आने जाने वाले ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. काफी दिनों के बाद नोवामुंडी में ऐसी जोरदार बारिश देखने को मिली. कोल्हान हाटिंग निवासी द्रौपदी पान के घर और सुनीता गोप के घर में बारिश का पानी घुस गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >