Seraikela Kharsawan News : डेढ़ माह से प्रखंड प्रमुख का पद रिक्त, गांवों में विकास कार्य ठप

सदर (चाईबासा) प्रखंड की प्रमुख कल्पना सुंडी के निधन के बाद डेढ़ माह से पद रिक्त है.

चाईबासा.

सदर (चाईबासा) प्रखंड की प्रमुख कल्पना सुंडी के निधन के बाद डेढ़ माह से पद रिक्त है. ऐसे में प्रखंड की सभी 18 पंचायतों में विकास कार्यों में भुगतान नहीं हो पा रहा है. पंचायतों में सड़क, नाली आदि निर्माण कार्य नहीं हो पा रहे हैं. योजनाएं ठप पड़ी हैं. वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उप मुखिया को प्रखंड प्रमुख का प्रभार नहीं दिया गया है. विदित हो कि प्रखंड की पंचायतों में 15वें वित्त आयोग की राशि से शौचालय, जलमीनार, नाली, तालाब में स्नानागार व सड़क का निर्माण कराया गया है. प्रखंड की 18 पंचायतों में से आठ में सचिव भी नहीं हैं. जानकारी के अनुसार, प्रखंड की नीमडीह पंचायत में लाभुक समिति ने 2.49 लाख रुपये से नाली का निर्माण कराया था. अबतक मात्र 40 फीसदी भुगतान हो पाया है, जबकि कार्य पूर्ण कर लिया गया है. वहीं गितिलपी में 50 फीसदी काम होने के बावजूद राशि नहीं मिलने के कारण काम रुक गया है.

65 लाख रुपये पड़े हैं, नहीं हो रहा भुगतान

लाभुक समिति के अनुसार, नीमडीह, सिंबिया, गंजडा, गायसुटी, टेकराहातु, कुरसी, बड़बिल व गितिलपी आदि गांवों में सड़क, नाली व स्नानागार का निर्माण हुए हैं. इसी तरह सिम्बिया में पुलिया व शौचालय, नीमडीह में दो नालियां व नरसंडा आदि में पीसीसी सड़क व जलमीनार योजना का भुगतान नहीं हो पा रहा है. प्रखंड प्रमुख नहीं रहने के कारण आबाद व अनाबाद निधि के 65 लाख रुपये पड़े हैं. कई जगहों पर निर्माण कार्य के लिए सामग्री गिरायी जा चुकी है.

नीमडीह पंचायत में कार्य पूर्ण किये करीब डेढ़ माह गुजर चुका है, लेकिन भुगतान नहीं हो पा रहा है. इससे परेशानी हो रही है.

– प्रमोद भेंगरा, अध्यक्ष, लाभुक समिति

पुलिया का काम प्रारंभ किया गया था. मजदूरी व सामग्री का भुगतान नहीं होने के कारण कार्य ठप हो गया है.

– लादुरा संवैया, अध्यक्ष, गितिलपी लाभुक समिति

प्रखंड प्रमुख के निधन के कारण पद खाली रहने की रिपोर्ट रिटर्निंग ऑफिस सदर अनुमंडल पदाधिकारी को दी है

.

– अमिताभ भगत, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKASH

AKASH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >