चाईबासा.
पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त के निर्देश पर आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम ने सदर बाजार व बड़ी बाजार स्थित विभिन्न मिठाई एवं राशन दुकानों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सदर बाजार के न्यू नेवटिया टी एवं जय मंगल स्टोर दोनों के पास फूड लाइसेंस नहीं पाया गया. तत्पश्चात सात दिनों के भीतर आवेदन कर फूड लाइसेंस प्राप्त करते हुए अपने खाद्य प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया. साथ ही साफ-सफाई में कमी पाये जाने के कारण राकेश कुमार गुप्ता, कृष्णलाल प्रजापति एवं स्वीट इंडिया को नोटिस जारी किया गया. सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य रंगों के बारे में जानकारी दी गयी. साथ ही हिदायत दी गयी कि खाद्य रंगों का उपयोग मानक अनुरूप करें. निरीक्षण के क्रम में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से लड्डू, पनीर, हल्दी, बुंदिया व तेल आदि की जांच की गयी. जांच के क्रम में बेसन का नमूना संग्रह किया गया, जिसे जांच के लिए खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा गया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
