Chakradharpur News : अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, चार भट्ठियां तोड़ीं, चार कारोबारी गिरफ्तार

चार थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी से शराब माफियों में हड़कंप

चक्रधरपुर.

चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. विभाग की विशेष टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया. इस व्यापक अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने गुवा, मंझारी, चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल नौ मामले दर्ज किए हैं. मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच फरार अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है.

गुवा थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी बड़ा जामुदा और कल्याण नगर में टीम ने दबिश दी. यहां अवैध रूप से विदेशी शराब बेचने के आरोप में दो लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. इनके पास से 3 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर बरामद की गयी. मंझारी थाना अंतर्गत मिरुडीह गांव में भी उत्पाद विभाग ने जाल बिछाया. यहां से 9 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई. हालांकि, भनक लगते ही शराब कारोबारी मौके से भागने में सफल रहा, जिसके खिलाफ फरार अभियोग दर्ज किया गया है.

चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दंदासाई और बाराखोली इलाके में की गई कार्रवाई में उत्पाद विभाग को सफलता मिली. यहां से अवैध शराब की बिक्री में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इनके कब्जे से 6.5 लीटर बीयर और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई.

सबसे बड़ी कार्रवाई झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में देखने को मिली. यहां अवैध चुलाई शराब के निर्माण के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए संचालित की जा रही चार अवैध भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. छापेमारी के दौरान भट्ठियों से करीब 80 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. साथ ही शराब निर्माण के लिए तैयार लगभग 1500 किलोग्राम जावा महुआ को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया. इस मामले में चारों भट्ठी संचालकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है. उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >