चक्रधरपुर: जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण व्यवस्था की जमीनी निगरानी तेज कर दी गयी है. इसी क्रम में ‘प्रोजेक्ट आहार’ के तहत पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी और सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल ने चक्रधरपुर प्रखंड की जामिद पंचायत के सिकिदिकि गांव स्थित पीडीएस दुकान का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने दुकान में राशन वितरण की प्रक्रिया का जायजा लेने के साथ लाभुकों से सीधे बातचीत कर व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली.
लाभुकों से पूछा- निर्धारित मात्रा में मिल रहा राशन या नहीं
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राशन लेने पहुंचे कार्डधारियों से जानकारी ली कि उन्हें निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न मिल रहा है या नहीं. साथ ही राशन वितरण नियमित होने, दुकान पर किसी तरह की परेशानी और राशन प्राप्त करने की प्रक्रिया को लेकर भी लाभुकों से फीडबैक लिया. अधिकारियों ने कहा कि पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है.
स्टॉक रजिस्टर से उपलब्ध खाद्यान्न का किया मिलान
पीडीएस दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक और भंडारण व्यवस्था की भी जांच की गयी. अधिकारियों ने दुकान में रखे खाद्यान्न का अवलोकन कर उपलब्ध स्टॉक का संबंधित अभिलेखों से मिलान किया. स्टॉक रजिस्टर और राशन वितरण से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर दर्ज मात्रा और वास्तविक स्टॉक की स्थिति देखी गयी. दुकान संचालक को खाद्यान्न का सुरक्षित व व्यवस्थित भंडारण करने और सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया.
राशन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कागजी रिकॉर्ड के साथ लाभुकों से सीधे संवाद पर भी जोर दिया. इससे पीडीएस व्यवस्था की जमीनी स्थिति और लाभुकों की समस्याओं को समझने का प्रयास किया गया. अधिकारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक नियमित और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. ‘प्रोजेक्ट आहार’ के तहत स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से राशन वितरण, स्टॉक, भंडारण, अभिलेख संधारण और लाभुकों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की जा रही है. जन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुगम बनाने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी जारी रहेगी.
