प्रतिनिधि, जैंतगढ़
चंपुआ के पीएम श्री महताब हाई स्कूल भवन के बरामदे का प्लास्टर अचानक गिर गया. इस दौरान छात्र बाल-बाल बच गए. घटना सुबह स्कूल शुरू होने से पहले की है. उस समय स्कूल में कुछ ही बच्चे मौजूद थे.
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे अचानक बरामदे का प्लास्टर गिरने लगा. संयोग से जो बच्चे स्कूल में थे, वे उस स्थान से कुछ दूरी पर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
मरम्मत के बाद भी छत से हो रहा था पानी का रिसाव
पिछली गर्मी की छुट्टी के दौरान चंपुआ महताब हाई स्कूल के जिस क्लासरूम के बरामदे की मरम्मत की गई थी, उसी का ऊपरी प्लास्टर अचानक गिर गया. घटिया क्वालिटी के काम के कारण प्लास्टर गिरने की बात सामने आ रही है.
चंपुआ का यह सबसे पुराना स्कूल हाल ही में पीएम श्री स्कूल के रूप में मान्यता मिला है. पिछली गर्मी की छुट्टी में स्कूल के ऊपरी मंजिल पर मरम्मत का काम कराया गया था. बारिश के दौरान छत से पानी लीक होने के कारण यह काम किया गया था.
हालांकि मरम्मत के बाद भी छत से पानी का रिसाव जारी रहा और अब मरम्मत वाली जगह का प्लास्टर अचानक गिर गया. प्लास्टर गिरने के समय कुछ छात्र वहां मौजूद थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए.
