प्रतिनिधि, चाईबासा
रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा द्वारा शनिवार को उत्क्रमित 10 2 पीएम श्री गवर्नमेंट बालिका उच्च विद्यालय चाईबासा में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य छात्राओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय रहते संभावित बीमारियों की पहचान करना था. शिविर के दौरान 108 छात्राओं का हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण, 101 छात्राओं का नेत्र परीक्षण तथा 95 छात्राओं का दंत परीक्षण किया गया.
रोटरी क्लब के अध्यक्ष अमित पोद्दार ने बताया कि रोटरी क्लब प्रत्येक माह शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास करेगा. इस स्वास्थ्य जांच शिविर के प्रायोजक रोटेरियन हीना ठक्कर थीं, जिन्होंने अपने पति स्वर्गीय एनके ठक्कर की पुण्य स्मृति में इस कार्यक्रम को प्रायोजित किया.
कार्यक्रम के संयोजक गुरमुख सिंह खोखर बताया कि इस स्वास्थ्य जांच शिविर में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं का एनीमिया (हीमोग्लोबिन), ब्लड ग्रुप, दंत एवं नेत्र परीक्षण किया गया. शिविर में सदर अस्पताल चाईबासा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से आये चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा छात्राओं का हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण किया गया. डॉ वीणा मुंधड़ा, डॉ. राशि मुंधड़ा एवं डॉ आकांक्षा शर्मा ने दंत जांच कर छात्राओं को दांतों की उचित देखभाल एवं स्वच्छता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी.
वहीं संजीव नेत्रालय चाईबासा के चिकित्सकों द्वारा छात्राओं की नेत्र जांच की गयी तथा आवश्यकता अनुसार उचित परामर्श भी दिया गया. कार्यक्रम में क्लब के सचिव सौरव प्रसाद, संयुक्त सचिव विनय लोधा, कविता शर्मा, मदन लाल गुप्ता, महेश कुमार खत्री, प्रवीण पटेल, रमेश चंद्र दत्तानी, सुशील कुमार मुंधड़ा, अनिल शर्मा, सुशील चोमल सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित थे.
