चक्रधरपुर. चक्रधरपुर स्थित सेरसा स्टेडियम में रेल मंडल का गणतंत्र दिवस झंडोत्तोलन समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया. मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए कहा कि भारतीय रेल ने देश की एकता, प्रगति, उत्थान और आर्थिक विकास में अविस्मरणीय योगदान दिया है. उन्होंने वंदे भारत स्लीपर का हवाला देते हुए कहा कि देश ने तकनीक और गति के क्षेत्र में लंबी छलांग लगायी है. उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2027 से देश में बुलेट ट्रेन का परिचालन शुरू होने से रेल सेवाओं में सुविधा और आधुनिकता के नये आयाम जुड़ेंगे.
रेल मंडल की उपलब्धियां और विकास कार्य
डीआरएम तरुण हुरिया ने चक्रधरपुर रेल मंडल की प्रगति और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि स्टेशनों और इंजनों का रखरखाव, चार समपार फाटकों को बंद करना, गति अवरोध हटाना, विद्युतीकरण और आधारभूत ढांचागत विकास के माध्यम से परिचालन और सुरक्षा में तेजी आयी है. कहा कि माल लदान के क्षेत्र में मंडल का प्रदर्शन बेहतर रहा है; वित्तीय वर्ष 2025-26 के दिसंबर तक 112.43 मिलियन टन माल लदान किया गया और 9618.22 करोड़ रुपये का माल राजस्व अर्जित हुआ. इसके अलावा यात्री यातायात से 392.71 करोड़ रुपये, अन्य कोचिंग आय से 23.52 करोड़ और टिकट जांच से 12.06 करोड़ रुपये प्राप्त हुए. बजटीय नियंत्रण और आंतरिक जांच प्रणाली से 63.11 करोड़ रुपये की बचत हुई.कर्मचारियों और सामाजिक कल्याण की पहल:
274 मृत रेल कर्मचारियों के परिवारों को मासिक पारिवारिक पेंशन के रूप में 6.05 करोड़ रुपये वितरित किए गए. स्क्रैप निस्तारण का लक्ष्य 135 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया, जिसमें अब तक 102 करोड़ से अधिक का निस्तारण किया जा चुका है. समारोह में बेस्ट परेड के लिए स्काउट और उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए केंद्रीय विद्यालय को सम्मानित किया गया. वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ ऋषभ सिंहा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी शंकर कुट्टी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुब्रत मिश्रा आदि मौजूद थे.चक्रधरपुर रेलमंडल की उपलब्धियां
– बिमलगढ़ में 36 बेड वाले नए रनिंग रूम का उद्घाटन और डांगुवापोसी रनिंग रूम की बेड क्षमता 71 से बढ़ाकर 82 की गयर.– कांड्रा में छह बड़े संयुक्त रनिंग रूम और एएसएम मॉड्यूल क्रू लॉबी का निर्माण.
– 220 लोको पायलटों को पदोन्नत कर वरिष्ठ लोको पायलट और 513 सहायक लोको पायलटों को वरिष्ठ सहायक लोको पायलट बनाया गया.– कंट्रोल कार्यालय में लॉग हावर ड्यूटी की निगरानी के लिए कोर ग्रुप का गठन.
– वित्तीय वर्ष में 32.04 ट्रैक किमी का ओएचइ विद्युतीकरण और 62.24 ट्रैक किमी पुराने केटेनरी तार बदले गए.