चाईबासा. चाईबासा शहर में हुई तेज बारिश ने मुख्य सड़कों और विभिन्न मोहल्लों की स्थिति को पूरी तरह बदल कर रख दिया है. बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक की सड़कों की हालत जर्जर हो गयी है. स्थिति इतनी खराब है कि शायद ही कोई ऐसी सड़क बची हो जहां गड्ढे न हों. बारिश ने न केवल आवागमन को बाधित किया है, बल्कि हालिया वर्षों में बनी सड़कों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं. सड़कों पर उभर आये गड्ढों ने निर्माण कार्यों की खस्ताहाल गुणवत्ता की पोल खोल दी है. जर्जर सड़कों के कारण लोगों को न सिर्फ यातायात में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गयी है. लीज़ की जमीन पर बसे इस शहर में बढ़ती जनसंख्या के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की संख्या में भी तेजी आयी है, लेकिन जमीन की कमी के कारण सड़कों का चौड़ीकरण संभव नहीं हो पा रहा है. नतीजतन, लगभग हर सड़क तंग और जर्जर हो गयी है. स्थिति यह है कि दर्जनों सड़कें इतनी खराब हालत में हैं कि लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
