प्रतिनिधि, चाईबासा
सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में साहित्य सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती मनाई गई. इस अवसर पर स्कूल में विशेष प्रार्थना सभा और वैदिक हवन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में स्कूल परिवार के सदस्यों ने मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
मौके पर प्राचार्य ओपी मिश्रा ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद का साहित्य सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं है, बल्कि यह समाज को सही दिशा दिखाने का काम करता है. उन्होंने विद्यार्थियों से प्रेमचंद की कहानियों और रचनाओं को पढ़ने तथा उनके विचारों, सामाजिक संवेदनाओं और अच्छे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की.
कविता और भाषण से याद किए गए प्रेमचंद
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साहित्यिक प्रस्तुतियां दीं. हर्षिता, तनिष्का और संगीत ने मिलकर कविता पाठ किया, जिसे सभी ने पसंद किया. रेवांश मोहंती ने कविता के माध्यम से मुंशी प्रेमचंद के विचारों को प्रस्तुत किया. वहीं कक्षा आठ के छात्र रुद्र मिश्रा ने प्रेमचंद के जीवन, साहित्य और समाज में उनके योगदान पर भाषण दिया. छात्रा तनिष्का अधिकारी ने भी प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया.
