मनोहरपुर : मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमीरता गांव में शनिवार देर रात लगभग 10 बजे लूट की नियत से आये दो नकाबपोश अपराधियों ने एक बर्तन व्यापारी को गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल व्यापारी का इलाज अस्पताल में चल रहा है. घायल व्यापारी की पहचान मुर्शिदाबाद निवासी सुरजीत दास (39) के रूप में हुई है. सुरजीत अपने साले संजय दास और साथी कृष्णा प्रामाणिक के साथ गांव में किराए की दुकान से कारोबार करते हैं.
दुकान का शटर गिराकर लूटे 50 हजार
शनिवार रात बदमाशों ने दुकान का शटर गिराकर हथियार के बल पर लगभग ₹50 हजार नकद लूट लिए. विरोध करने पर अपराधियों ने सुरजीत के पेट में गोली मार दी. लहूलुहान होने के बावजूद सुरजीत और उनके साथियों ने अदम्य साहस दिखाते हुए एक अपराधी को रंगे हाथों दबोच लिया, जबकि दूसरा पैसे लेकर फरार हो गया.
ग्रामीणों ने आरोपी को बांधकर किया पुलिस के हवाले
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया.सूचना पर पहुंची मनोहरपुर पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है. पुलिस ने घायल व्यापारी और आरोपी दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है तथा फरार अपराधी की तलाश जारी है.
