भगवान और भक्त के मिलन का अनुपम संगम महाप्रभु श्री जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा गुरुवार श्रद्धा व उल्लास के साथ निकाली जाएगी. रथ यात्रा की पूर्व संध्या पर बुधवार को श्रद्धालुओं ने श्री मंदिर के सिंहासन पर भगवान के ''नवयौवन दर्शन'' किए. इस अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित संजय मिश्रा व अन्य विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न करायी गयी.
भक्तों की उमड़ी भीड़
महाप्रभु के इस अद्भुत रूप का दीदार करने के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. भक्तों ने भक्ति भाव के साथ सुख-समृद्धि की कामना की. गुरुवार को महाप्रभु जगन्नाथ सदर बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर से प्रस्थान करेंगे. वे अपने ''नंदीघोष'' रथ पर सवार होकर बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ दुर्गा मंदिर स्थित मौसीबाड़ी के लिए रवाना होंगे. मौसीबाड़ी में महाप्रभु की विशेष महाआरती की जाएगी और भक्तों के बीच छप्पन भोग व महाप्रसाद का वितरण होगा. भगवान यहां पूरे 8 दिनों तक प्रवास करेंगे, जिसे लेकर भक्तों द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
