राजाबुरु खदान में स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिलने से आक्रोश, चक्का जाम की चेतावनी

Chaibasa: सेल के राजाबुरु खदान में स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है, इससे ग्रामीण काफी नाराज हैं. ग्रामीणों ने बैठक कर गुवा सेल प्रबंधन को आंदोलन की चेतावनी दी है.

Chaibasa: गुवा सेल प्रबंधन की ओर से राजाबुरु खदान में स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दिये जाने को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है. इसी मुद्दे पर शुक्रवार को गुवा थाना क्षेत्र के काशिया पेचा गांव में सात गांवों के ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में काशियापेचा, बाइहातु, जोजोगुटू, गंगदा, घाटकुरी, जामकुंडिया और राजाबेड़ा गांव के मुंडा, मानकी, डाकुआ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. बैठक की अध्यक्षता काशिया पेचा गांव के मुंडा नंदलाल सुरीन और समाजसेवी मांगता सुरीन ने की. बैठक के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गुवा सेल प्रबंधन द्वारा राजाबुरु खदान में बहाली के दौरान इन सात गांवों के ग्रामीणों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है.

दूसरे गांव के लोगों को दिया जा रहा रोजगार

बैठक में आरोप लगाया गया कि स्थानीय लोगों को छोड़कर दूसरे गांव के लोगों को प्राथमिकता के आधार पर बीटी मेडिकल कराकर रोजगार दिया जा रहा है. मुंडा नंदलाल सुरीन ने कहा कि जब तक सात गांवों के ग्रामीणों का बीटी मेडिकल नहीं कराया जाएगा और उन्हें रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. जरूरत पड़ने पर चक्का जाम भी किया जाएगा. ग्रामीणों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि सेल खदान क्षेत्र से निकलने वाला लाल पानी गांवों के खेतों में प्रवेश कर रहा है, जिससे खेत बंजर होते जा रहे हैं. वहीं खदान से उड़ने वाली धूल के कारण ग्रामीणों में विभिन्न बीमारियां बढ़ रही हैं.

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि गुवा सेल प्रबंधन ने शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की, तो सातों गांव के ग्रामीण एकजुट होकर रणनीति बनाएंगे और राजाबुरु खदान का चक्का जाम करेंगे.

बैठक में ये थे उपस्थित

बैठक में राजेश सांडिल, पवन चांपिया, कानूराम देवगम, मानसिंह चांपिया, सुरुदास सुरीन, हारी चांपिया, सर्गीया चांपिया, सोमा चांपिया, सागोराम सुरीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें: 

चतरा डीएसपी समेत टंडवा और लावालौंग थाना प्रभारी हाईकोर्ट तलब, मोबाइल जब्त

जुड़वां बच्चों ने अफसरों को उलझाया, आरती फेल तो भुगलू-आमरीन पास

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >