JSSC परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार, 19 जुलाई को 27 केंद्रों पर होगी परीक्षा

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा 19 जुलाई 2026 को 27 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. इसमें 10,396 अभ्यर्थी भाग लेंगे. प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा और बायोमेट्रिक जांच के इंतजाम किए हैं.

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से 19 जुलाई 2026 को होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और बिना किसी गड़बड़ी के कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है. शुक्रवार को कोल्हान विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु की मौजूदगी में दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और परीक्षा केंद्र अधीक्षकों की संयुक्त बैठक हुई. इसमें परीक्षा से जुड़े सभी जरूरी निर्देश दिए गए.

27 परीक्षा केंद्रों पर 10,396 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

जिले में कुल 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें चाईबासा में 19 और चक्रधरपुर में 8 केंद्र शामिल हैं. इन केंद्रों पर कुल 10,396 अभ्यर्थी तीन पालियों में परीक्षा देंगे. पहली पाली सुबह 8:30 बजे, दूसरी पाली सुबह 11:30 बजे और तीसरी पाली दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगी.

प्रशासन ने साफ कहा है कि पहली और दूसरी पाली के लिए सुबह 8:00 बजे तक और तीसरी पाली के लिए दोपहर 3:00 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

बायोमेट्रिक जांच होगी, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम

परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच, पहचान सत्यापन और बायोमेट्रिक जांच की जाएगी. सभी परीक्षा केंद्रों पर एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, पीने का पानी, साफ शौचालय और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह परीक्षा हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ी है, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वहीं, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने सभी पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. साथ ही परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में सख्त निगरानी रखने और किसी भी गड़बड़ी करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anil Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >