गुवा: सारंडा में लगातार हो रही बारिश अब गरीब परिवारों के लिए आफत बनती जा रही है. छोटानागरा पंचायत के जोजोगुटू गांव में एक आदिवासी परिवार का कच्चा मकान अचानक ढह गया. घर गिरने के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर छिपाने की खड़ी हो गई है. बरसात के बीच पूरा परिवार अब सुरक्षित ठिकाने की तलाश में भटक रहा है.
लगातार बारिश से कमजोर हुई दीवारें, अचानक ढह गया घर
जानकारी के अनुसार, जोजोगुटू गांव निवासी भीमसेन सांडिल का मिट्टी से बना कच्चा मकान लगातार हो रही बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था. बारिश का पानी दीवारों में समाने से मकान की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही थी. इसी बीच अचानक पूरा घर ढह गया.
मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या पैदा हो गई है. घर के अंदर रखा सामान भी प्रभावित हुआ है. लगातार हो रही बारिश के कारण परिवार की चिंता और बढ़ गई है.
गांव में पहले भी टूट चुके हैं कई कच्चे मकान
ग्रामीणों के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले गांव के मुंडा कानूराम देवगम की मां चंपू देवगम का घर भी भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो चुका है. लगातार बारिश के कारण गांव के कई अन्य कच्चे मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है.
कच्चे घरों में रहने को मजबूर कई आदिवासी परिवार
सारंडा के कई दुर्गम गांवों में आज भी बड़ी संख्या में गरीब आदिवासी परिवार मिट्टी और खपरैल के मकानों में रह रहे हैं. आर्थिक तंगी के कारण कई परिवार पक्का घर नहीं बना पा रहे हैं. बारिश के मौसम में ऐसे मकानों के गिरने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
प्रशासन से मांगी तत्काल सहायता
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार का तत्काल सर्वे कर राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि परिवार को सुरक्षित आवास, तिरपाल और अन्य जरूरी सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि बारिश के बीच उन्हें सुरक्षित रखा जा सके.
