गुवा : किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नाम से साइबर अपराधियों ने इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी तैयार की है. इस अकाउंट के जरिए ठग लोगों को मैसेज भेजकर तत्काल मदद के नाम पर पैसों की मांग कर रहे है. इस घटना के सामने आने के बाद से स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है और पुलिस महकमा भी सतर्क हो गया है.
इंस्टाग्राम पर ऐसे मांग रहे थे पैसे
बीती 19 अगस्त की रात किरीबुरू के एक स्थानीय युवक को थाना प्रभारी के इंस्टाग्राम आईडी से एक मेसेज आया. मैसेज में तत्काल सहायता के नाम पर 1000 रुपये की मांग की गयी थी और पैसे ट्रांसफर करने के लिए एक स्कैनर भी भेजा गया था. हालांकि, संदेश की भाषा और लिखने के तरीके को देखकर युवक को तुरंत शक हुआ. उसने समझ लिया कि यह मैसेज थाना प्रभारी का नहीं, बल्कि किसी साइबर ठग का है. सूझबूझ दिखाते हुए युवक ने न तो पैसे भेजे और न ही स्कैनर का इस्तेमाल किया.
थाना प्रभारी ने की सतर्क रहने की अपील
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि उनके कई परिचितों ने उन्हें फोन कर इस फर्जी आईडी की जानकारी दी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह से साइबर अपराधियों की करतूत है. थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील की है कि उनके या किसी भी पुलिस अधिकारी के नाम से सोशल मीडिया पर पैसे मांगने वाले संदेशों पर बिल्कुल विश्वास न करें. कहा कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में पैसे भेजने से पहले संबंधित अधिकारी से फोन पर पुष्टि जरूर कर लें.
अनजान लिंक और स्कैनर से बचने की सलाह
थाना प्रभारी ने चेतावनी दी है कि साइबर ठग आए दिन नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं. ऐसे में किसी भी अनजान लिंक या स्कैनर के माध्यम से वित्तीय लेनदेन करने से बचें. पुलिस इस फर्जी इंस्टाग्राम आईडी को खंगालने और इसके पीछे सक्रिय साइबर अपराधियों की पहचान कर उन पर कानूनी कार्रवाई करने में जुटी हुई है.
