पांच दुकानों से एक्सपायरी सामान जब्त, दुकानदारों को चेतावनी

जगन्नाथपुर बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर 5 दुकानों से एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी.

जगन्नाथपुर बाजार में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी और एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ जांच अभियान चलाया. फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अनूपा कुमारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा. इस दौरान राशन दुकानों, होटलों और सड़क किनारे लगने वाले खाद्य ठेलों की जांच की गई.

टीम ने राशन दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि और स्वच्छता मानकों का निरीक्षण किया. जगन्नाथपुर की करीब चार से पांच दुकानों में एक्सपायरी खाद्य सामग्री बिकती पाई गई. अधिकारियों ने तुरंत सभी एक्सपायरी सामानों को जब्त कर लिया. संबंधित दुकानदारों को भविष्य में ऐसी वस्तुओं की बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी दी.

होटल व स्ट्रीट फूड ठेलों को दिए स्वच्छता के निर्देश

टीम ने बाजार में लगने वाले गोलगप्पा, चाट, फास्ट फूड के ठेलों और होटलों का औचक निरीक्षण किया. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, केवल गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने और वैध अवधि वाले खाद्य पदार्थों की ही बिक्री करने की हिदायत दी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >