चक्रधरपुर : सावन के पावन महीने में रविवार को चक्रधरपुर पूरी तरह शिवमय हो गया. मुक्तिनाथ धाम घाट से हजारों कांवरिया पवित्र जल लेकर महादेवशाल गोइलकेरा के लिए रवाना हुए. भगवान भोलेनाथ के जयकारों और 'बोल बम' के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. सुबह होते ही मुक्तिनाथ धाम घाट परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी. कांवरियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पवित्र जल लेकर महादेवशाल के लिए पैदल यात्रा शुरू की. केसरिया वस्त्रों में सजे श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
गूंजा हर-हर महादेव व बोल बम का जयकारा
चक्रधरपुर से सोनुवा होते हुए महादेवशाल तक कांवरियों का जत्था लगातार आगे बढ़ता रहा. पूरी यात्रा के दौरान 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से मार्ग गूंजता रहा. श्रद्धालुओं ने बताया कि वे सोमवार की सुबह महादेवशाल पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे. इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला.
मार्ग में सुरक्षा, पेयजल व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं
कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्ग में सुरक्षा, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं. स्थानीय लोगों ने भी कई स्थानों पर सेवा शिविर लगाकर कांवरियों के लिए पानी, शरबत और अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की. सोमवार को महादेवशाल मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ यह पवित्र यात्रा संपन्न होगी. सावन के इस पावन अवसर पर आस्था, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है.
