चक्रधरपुर में अधूरा पुल दे रहे दुर्घटना को आमंत्रण, एक दर्जन गांवों के लोग परेशान....

चक्रधरपुर प्रखंड में सड़क निर्माण अधर में लटका हुआ है, जिससे एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पुलिया निर्माण के नाम पर खोदे गए गड्ढे ने आवागमन बाधित कर दिया है, जिससे बीमारों को अस्पताल ले जाने में दिक्कतें आ रही हैं. स्थानीय लोगों ने तत्काल वैकल्पिक मार्ग बनाने या गड्ढे को समतल करने की मांग की है.

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर की होयोहातु पंचायत अंतर्गत टॉयबो से कोटसोना सीमा तक लगभग सवा तीन किलोमीटर लंबी सड़क के मरम्मत कार्य में भारी लापरवाही बरते जाने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद होयोहातु पंचायत की उपमुखिया मेचो हांसदा के पति सह समाजसेवी बंगूर हांसदा और सामाजिक कार्यकर्ता सह वार्ड सदस्य राउतु हेम्ब्रम ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर जायजा लिया. कार्यस्थल की बदहाल स्थिति को देखकर दोनों जनप्रतिनिधियों ने संवेदक की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताई है.

खुदा हुआ गड्ढा और वैकल्पिक रास्ते का अभाव

ग्रामीणों और नेताओं ने बताया कि सड़क के बीच कलभट पुलिया के निर्माण के नाम पर बड़ा गड्ढा खोदकर यूं ही छोड़ दिया गया है, लेकिन निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ाया गया है. इस रास्ते से कोटसोना, करंजड़ी, जोमरो, रेलोंग, कोमाय, बुरुहातु, जंबीरा, आरा, बंदुबेरा, डांगिल, मरासुनसून और बोरउली समेत एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग झरझरा बाजार आते-जाते हैं.

सबसे बड़ी चिंता यह है कि किसी के बीमार पड़ने या गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने के दौरान इस गड्ढे के कारण एम्बुलेंस व अन्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो रहा है. साथ ही, वाहनों और मवेशियों के आने-जाने के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग भी नहीं बनाया गया है.

या बने वैकल्पिक रास्ता या जेसीबी से समतल हो गड्ढा

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संवेदक की लापरावाही के कारण कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है. यदि पुलिया का निर्माण करना ही था, तो काम शुरू होने के वक्त ही खुदाई की जानी चाहिए थी.

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिया निर्माण में देरी हो रही है, तो तत्काल सड़क के किनारे से आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ता तैयार किया जाए. अन्यथा जेसीबी मशीन लगाकर खोदे गए गड्ढे को तुरंत मिट्टी से समतल किया जाए, ताकि आम जनता और मरीजों की आवाजाही सुचारू और सुरक्षित हो सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप प्रमाणिक

प्रताप प्रमाणिक वर्ष 2002 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. उन्हें क्राइम और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग में विशेष विशेषज्ञता हासिल है. वर्तमान में वे प्रभात खबर में संवाददाता, चक्रधरपुर कार्यालय सह प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें डिजिटल जर्नलिज्म का तीन वर्षों का अनुभव है. अपने अनुभव, जमीनी रिपोर्टिंग और तथ्यपरक पत्रकारिता के दम पर उन्होंने एक विश्वसनीय और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बनाई है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >