मनोहरपुर : जराइकेला बस स्टैंड के पास तब अफरातफरी मच गयी जब एक बस से धुआं निकलने लगा. तुरंत चालक व खलासी ने बस सड़क किनारे खड़ी की. कुछ ही देर में बस धू-धू कर जलने लगी. घटना जराइकेला से राउरकेला रूट की है. यहां चलने वाली ऐश्वैर्या बस रोडवेज यात्री बस सोमवार सुबह भीषण आग लगने से जलकर खाक हो गई. गनीमत रही कि घटना के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था. इससे एक बड़ा हादसा टल गया. आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.
फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले जलकर राख हुई बस
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे बस होरो घर से जराइकेला बस स्टैंड की ओर आ रही थी. इसी दौरान अरूप नंदी के घर के पास अचानक बस से तेज धुआं निकलने लगा. खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका. इसके बाद चालक और खलासी त्वरित मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतर गए.देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी.घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई.हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचती और आग पर काबू पाती, तब तक बस पूरी तरह स्वाहा हो चुकी थी. इस घटना में चालक और खलासी पूरी तरह सुरक्षित हैं.वहीं पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
