चाईबासा | जेवियर स्कूल स्थित रोरो नदी के छोटे पुल को पार करते समय शनिवार को एक स्कूली छात्र अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में गिर गया और पानी में बहने लगा. कुछ ही पल में छात्र डूबने की स्थिति में पहुंच गया. इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो युवाओं की नजर बहते बच्चे पर पड़ी. दोनों ने बिना देर किए उफनती रोरो नदी में छलांग लगा दी. कुछ ही देर में छात्र को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया. दोनों युवाओं की तत्परता से छात्र की जान बच गई. इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी.
चाईबासा के प्राथमिक विद्यालय का है छात्र
छात्र नीलकंठेश्वर हेस्सा चाईबासा के पुलिस लाइन स्थित प्राथमिक विद्यालय का छात्र है. वह वर्तमान चाईबासा के पाताहातु गांव में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा है. वह मूल रूप से कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के बेड़ा मुडुई का रहनेवाला है.
पुल पार करते वक्त नदी में डूबा छात्र
जानकारी के अनुसार शनिवार को तीन बजे स्कूल छ़ट्टी होने के बाद छात्र जल भराव व तेज बहाव वाली रोरो नदी के जेवियर छोटा पुल वाली सड़क को पार करते समय अचानक पानी गिरकर गया. गिरने से पानी में बह गया. उसे पानी में बहते देखकर उधर से गुजर रहे दो युवाओं ने बिना समय गंवाएं तत्परता दिखायी और उफनती नदी में कूदकर महज कुछ ही देर के अंदर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. यदि उन युवाओं की नजर उस पर नहीं पड़ता तो छात्र की जान चली जाती. दो दिनों से लगातार हो रही मॉनसून की बारिश से रोरो नदी में जल स्तर बढ़ गया है. सुबह चाईबासा स्थित रोरो नदी के छोटा पुल के ऊपर से पानी बह रहा है. शाम को पानी का जल स्तर धीरे-धीरे घट रहा है.
