प्रखंड के भालुडुंगरी चौक से रोबकेरा होते हुए शालीबा तक बन रही 22.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण डेढ़ साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है. कई जगह सड़क पर सिर्फ चिप्स बिछाकर काम छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है.
इचिंडा और गोयरबेड़ा में पुलिया निर्माण के कारण बनाए गए डायवर्शन पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुके हैं. ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें हर दिन इसी रास्ते से आना-जाना पड़ता है.
वहीं कड़ेदा और पुटूंगा नाला पर बने पुल का अप्रोच रोड भी अब तक तैयार नहीं हो पाया है. ग्रामीणों को अधूरी सड़क और खराब रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है. इससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
ग्रामीणों का कहना है कि पिछली बारिश में भी यही स्थिति थी. डायवर्शन पर केवल मिट्टी डाल दी जाती है, जिससे बारिश होते ही पूरा रास्ता कीचड़ में बदल जाता है. लोगों ने जल्द सड़क निर्माण पूरा करने और डायवर्शन की स्थिति सुधारने की मांग की है.
