Chaibasa News : एचएम से 24 घंटे में जवाब तलब, 3 माह के लिए नये को प्रभार

विद्यालय के सुचारू संचालन के लिए सहायक शिक्षिका स्वीटी को सौंपी गयी जिम्मेदारी

चिरिया. चिरिया पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोड़ो अंकुआ की बदहाली की खबर प्रभात खबर में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है. विभाग ने स्कूल के लिए नयी प्रधानाध्यापिका की पदस्थापना करते हुए विद्यालय व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में कदम उठाया है.

अनियमितता के आरोप में प्रधानाध्यापक से जवाब-तलब

प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी शालिनी डुंगडुंग ने त्वरित संज्ञान लेते हुए उत्क्रमित मध्य विद्यालय अंकुआ के प्रधानाध्यापक के विरुद्ध आदेश पत्र जारी किया है. आदेश में विद्यालय के पठन-पाठन एवं अन्य शैक्षणिक कार्यों में रुचि नहीं लेने और अनियमितता के आरोपों को लेकर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रखंड कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करने को कहा गया है.

तीन महीने के लिए नयी प्रधानाध्यापिका को सौंपा गया प्रभार

विद्यालय के सुचारू संचालन और बच्चों के शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए चिरिया इस्को मध्य विद्यालय की सहायक शिक्षिका स्वीटी को तीन माह के लिए प्रधानाध्यापक पद का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है. विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार आएगा.

ग्रामीणों के आंदोलन के बाद तेज हुई कार्रवाई

गौरतलब है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोड़ो अंकुआ को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इससे नाराज लोड़ो गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को ग्रामसभा बैठक में विद्यालय में तालाबंदी का निर्णय लिया था. ग्रामीणों के इस फैसले और प्रभात खबर की रिपोर्ट के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त कदम उठाया.

मवि बड़ालागिया में शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग

चक्रधरपुर. प्रखंड के खूंटपानी स्थित मध्य विद्यालय बड़ालागिया में शिक्षकों की कमी को लेकर मानवाधिकार कार्यकर्ता बैरम खान ने मुख्यमंत्री एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत दर्ज करायी है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं की शिक्षा बुरी तरह प्रभावित हो रही है. इस सरकारी विद्यालय में 150 से अधिक छात्राएं नामांकित हैं, जबकि पूरे विद्यालय में मात्र एक ही शिक्षक पदस्थापित हैं. कक्षा एक से आठवीं तक की सभी कक्षाओं का संचालन एक शिक्षक के भरोसे किया जा रहा है, जिससे न तो पढ़ाई सुचारू रूप से हो पा रही है और न ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल पा रही है. बैरम खान ने आरोप लगाया है कि जब उस एकमात्र शिक्षक को विभागीय प्रशिक्षण के लिए भेज दिया जाता है, तब विद्यालय में पढ़ाई लगभग ठप हो जाती है. इस संबंध में विभागीय कार्यालय को पहले भी आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >