Bokaro News: सड़क हादसे में युवक की मौत, दूसरा गंभीर

Bokaro News: कसमार थाना क्षेत्र के हरनाद गांव के पास कसमार-पिरगुल मुख्य पथ पर शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक चालक एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान दीपक कुमार महतो (19 वर्ष), पिता मनिंदर महतो के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक अमित कुमार महतो (19 वर्ष), पिता जागू महतो भी इसी गांव का निवासी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक (जेएच 09 बीएल 9830) से मंजूरा स्थित रामलखन टुंगरी मेला देखने गये थे. मेला देखकर लौटने के दौरान जब वे अपने घर से कुछ ही दूरी पर थे, तभी उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. आशंका जतायी जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने या अचानक किसी वाहन से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गयी और यह दर्दनाक हादसा हो गया.

एंबुलेंस से दोनों को ले जाया गया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बचाने की कोशिश की. सूचना मिलते ही झामुमो के युवा नेता राजेश टुडू, कुलदीप करमाली और राकेश साहू मौके पर पहुंचे. खैराचातर के समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल के सहयोग से तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपक कुमार महतो को मृत घोषित कर दिया. जबकि अमित की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल बोकारो रेफर कर दिया गया. बताया गया कि मृतक दीपक अपने पिता का इकलौता पुत्र था. उसके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में हर कोई स्तब्ध है. दीपक को मिलनसार, मेहनती और विनम्र स्वभाव का बताया जा रहा है. उसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है. घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं. वहीं प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग भी उठने लगी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >