बेरमो प्रखंड कार्यालय के सभागार में अधिकारियों ने शनिवार को फुसरो नप अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों के साथ बैठक की. सामान्य प्रेक्षक सादात अनवर ने कहा कि चुनाव आयोग के नियमों व निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है. निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें. यदि कोई प्रत्याशी या उनके समर्थक आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हैं, तो उन पर कार्रवाई की जायेगी. प्रत्याशी मतदाताओं को डराने, धमकाने, प्रलोभन देने का काम नहीं करेंगे. किसी दुकान, मकान व जमीन में पोस्टर या बैनर लगाने से पहले उसके मालिक से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य है. 21 फरवरी की शाम पांच बजे तक ही चुनाव प्रचार कर सकते हैं.
व्यय प्रेक्षक विजय कुमार ने कहा कि प्रत्याशियों के व्यय पर राज्य निर्वाचन आयोग की नजर है. सभी प्रत्याशियों को एक रजिस्टर मेंटेन करना होगा, जिसमें चाय व नाश्ते से लेकर बैनर-पोस्टर तक का हिसाब दर्ज होगा. चुनाव खर्च के लिए अलग नया बैंक खाता है. उससे ही हिसाब देना होगा. व्यय पंजी में प्रत्याशियों को हिसाब 10, 14 व 19 फरवरी को बेरमो प्रखंड सह अंचल कार्यालय में दिखाना है. मौके पर निर्वाचन पदाधिकारी मुकेश मछुआ, आरओ मुकेश कुमार, संजीत कुमार सिंह उपस्थित थे.Bokaro News : आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी
Bokaro News : अधिकारियों ने फुसरो नप अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों के साथ बैठक की.
