Bokaro News : पिकअप वैन के धक्के से फुसरो के दो युवकों की मौत

Bokaro News : सड़क दुर्घटना में फुसरो के दो युवकों की मौत हो गयी.

जरीडीह थाना क्षेत्र में बक्सपुरा मुख्य मार्ग पर कल्याणपुर के पास चारपहिया वाहन के धक्के से स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक घायल हो गया. मृतकों में बेरमो थाना क्षेत्र के फुसरो चपरी चढ़ाई निवासी 35 वर्षीय श्रवण कुमार (पिता स्व. लक्ष्मी प्रसाद) और 24 वर्षीय रंजीत कुमार (पिता रामचंद्र राम) शामिल थे. हादसे में 48 वर्षीय सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल है. घटना शुक्रवार तड़के तीन बजे की है. बताया जाता है कि रंजीत, सुरेश व श्रवण स्कूटी जेएच 09बीके 0946 पर सवार होकर रजरप्पा मंदिर पूजा करने जा रहे थे. इसी दौरान पिकअप वैन जेएच 01डीपी 1078 ने स्कूटी को धक्का मार दिया. हादसे में रंजीत कुमार व श्रवण कुमार की घटनास्थल पर ही मौत गयी. वहीं सुरेश को गंभीर चोटें आयीं. रंजीत सुरेश का सगा भाई था. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. जरीडीह थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो ने बताया कि रंजीत के भाई ललन कुमार ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है. शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है. जांच चल रही है. सुरेश राम स्कूटी चला रहे थे. बताया जाता है कि घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों को चास सदर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने जांच के बाद श्रवण व रंजीत को मृत घोषित कर दिया. सुरेश राम का इलाज चल रहा है. घटना के बाद पिकअप वैन के चालक व खलासी भाग गये. पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है.

मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे रजरप्पा

परिजनों ने बताया कि रिश्तेदार अयांश कुमार के मुंडन के लिए कॉलोनी के लोग टेंपो से रजरप्पा जा रहे थे. सुरेश राम, श्रवण कुमार व रंजीत कुमार स्कूटी से जा रहे थे. तेज रफ्तार पिकअप वैन जेएच 01डीपी 1078 ने स्कूटी को धक्का मार दिया. श्रवण को दो पुत्र व एक पुत्री हैं. श्रवण और रंजीत ढोरी क्षेत्र के अमलो लोकल सेल में लोडिंग मजदूर थे. पोस्टमार्टम के बाद युवकों का शव चपरी लाया गया. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया. लोगों ने परिजनों को ढाढ़स बंधाया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >