जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण तेनुघाट डैम के जलाशय का जलस्तर बढ़ गया है. इसे देखते हुए बाढ़ नियंत्रण के मद्देनजर सोमवार, 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे डैम के तीन और रेडियल गेट खोल दिया गया है. अतिरिक्त गेट खुलने के बाद दामोदर नदी में पानी का प्रवाह बढ़कर करीब 30 हजार क्यूसेक (850.171 क्यूमेक) हो गया.
आठ रेडियल गेट और एक अंडर स्लूइस गेट खुले रहेंगे
तेनुघाट बांध प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सोमवार को जलाशय का जलस्तर 850.70 फीट दर्ज किया गया. जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए जल निकासी बढ़ाने का निर्णय लिया गया है.
तीन अतिरिक्त गेट खुलने के बाद डैम के कुल आठ रेडियल गेट और एक अंडर स्लूइस गेट खुले रहेंगे. विभाग ने स्पष्ट किया है कि जलाशय में पानी की आवक और जलस्तर की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर आगे और गेट भी खोले जा सकते हैं. इससे दामोदर नदी के जलप्रवाह में और वृद्धि संभव है.
प्रशासन को किया गया अलर्ट
बाढ़ नियंत्रण को लेकर संबंधित जिलों और अधिकारियों को सूचना दे दी गयी है. नोडल पदाधिकारी, बाढ़ नियंत्रण कोषांग, तेनुघाट की ओर से जिला प्रशासन, बोकारो व धनबाद के पुलिस अधीक्षकों, बेरमो अनुमंडल प्रशासन, संबंधित थाना प्रभारियों, सभी बीडीओ तथा जल संसाधन विभाग के वरीय अधिकारियों को सूचित किया गया है.
डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ने के बाद दामोदर के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है. नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
