24 जुलाई तक घरों से निकलकर गणना प्रपत्र करें जमा, बीएस सिटी और चास सबसे पीछे : डीईओ

बोकारो में मतदाता गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 24 जुलाई है। डीसी ने शहरी मतदाताओं से जल्द फॉर्म जमा करने की अपील की है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

बोकारो: बोकारो विधानसभा क्षेत्र के बोकारो स्टील सिटी व चास नगर निगम क्षेत्र के एक लाख से अधिक मतदाताओं ने अब तक गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने शहरी मतदाताओं से 24 जुलाई तक घरों से निकलकर गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से जमा करने की अपील की है. मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में वह प्रेस से बात कर रहे थे.

उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण व डिजिटाइजेशन की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. मीडिया जन-जागरूकता बढ़ाकर शहरी मतदाताओं की उदासीनता दूर करने में सहयोग करे. गणना प्रपत्र जमा करना व एसआईआर प्रक्रिया में भाग लेना प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है.

जिला में एसआईआर अभियान की प्रगति संतोषजनक

डीईओ-सह-डीसी ने बताया कि एसआईआर अभियान के तहत जिला में अब तक 15,35,267 मतदाताओं में से 14,17,164 (92.31 प्रतिशत) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं. वहीं, 10,72,538 (69.86 प्रतिशत) गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है. ग्रामीण क्षेत्र में अभियान लगभग पूर्णता की ओर है. जबकि, बोकारो विधानसभा क्षेत्र के बोकारो स्टील सिटी एवं चास नगर निगम में गणना प्रपत्रों के संग्रहण व डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है.

ईसीआई नेट ऐप और हेल्पलाइन की दी जानकारी

डीईओ ने बताया कि झारखंड की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची-2024 में अपना नाम खोजने के लिए मतदाता voters.eci.gov.in, ceo.jharkhand.gov.in अथवा ईसीआइ नेट एप का उपयोग कर सकते हैं. गूगल प्ले स्टोर से ईसीआई नेट एप (ECI NET App) डाउनलोड कर भी मतदाता अपना विवरण प्राप्त कर सकते हैं. मौके पर एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह व अन्य मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: C p singh

Published by: Kumarvishwat Sen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >