चास में पानी के लिए तरसे लोग, लो प्रेशर से नल सूखे; बाजार से जार खरीदकर बुझा रहे प्यास

चास नगर निगम के जोधाडीह क्षेत्र में जलापूर्ति की लचर व्यवस्था से लोग परेशान हैं. लो प्रेशर के कारण घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा.

चास नगर निगम क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ इलाके में इन दिनों जलापूर्ति व्यवस्था चरमराने से लोग परेशान हैं. पिछले कई दिनों से सप्लाई पानी का प्रेशर काफी कम रहने के कारण घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है. मंगलवार को तो पूरे इलाके में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी. पेयजल की जरूरत पूरी करने के लिए कई परिवारों को बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, चास जलापूर्ति योजना के तहत पहले पानी का प्रेशर ठीक रहता था. लेकिन फेज-1 और फेज-2 को जोड़ने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद समस्या बढ़ गयी है. सुबह सप्लाई शुरू होने पर भी नलों से पानी की धार के बजाय महज पानी टपकता है. मोटर चलाने के बावजूद पानी ऊपर की मंजिल तक नहीं पहुंच रहा है.

पहली मंजिल तक भी नहीं पहुंच रहा पानी

जोधाडीह मोड़ के लोगों का कहना है कि कम प्रेशर के कारण कई घरों की पहली मंजिल तक पानी नहीं पहुंच रहा है. इससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं. खासकर महिलाओं को सुबह पानी के लिए काफी इंतजार करना पड़ता है.

स्थानीय निवासी संतोष राय, राजेश कुमार, सोनू और नेहा हलदार समेत अन्य लोगों ने बताया कि जल संकट को लेकर कई बार चास नगर निगम कार्यालय में शिकायत की गयी है. इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है. लोगों का कहना है कि हर बार जल्द समस्या दूर करने का आश्वासन दिया जाता है.

पानी खरीदकर काम चला रहे परिवार

सप्लाई पानी पर्याप्त नहीं मिलने के कारण लोगों को मजबूरी में बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, कई परिवार रोजाना 20 रुपये का पानी का जार खरीदकर अपनी जरूरत पूरी कर रहे हैं. गरीब परिवारों के लिए यह अतिरिक्त खर्च परेशानी बढ़ा रहा है.

लोगों का आरोप है कि करोड़ों रुपये की चास जलापूर्ति योजना के बावजूद मेंटेनेंस और तकनीकी व्यवस्था में कमी के कारण उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है.

फेज-1 और फेज-2 की तकनीकी समस्या दूर करने की मांग

स्थानीय लोगों ने चास नगर निगम प्रशासन और जलापूर्ति विभाग के कार्यपालक अभियंता से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि फेज-1 और फेज-2 को जोड़ने के दौरान उत्पन्न तकनीकी समस्या को जल्द दूर किया जाए. साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों में पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.

लोगों ने यह भी मांग की है कि जब तक जलापूर्ति सामान्य नहीं होती, तब तक प्रभावित इलाकों में निगम की ओर से टैंकर के माध्यम से मुफ्त पानी उपलब्ध कराया जाए.

कुछ दिनों में दूर होगी समस्या : मेयर

चास नगर निगम के मेयर भोलू पासवान ने कहा कि लो प्रेशर की समस्या जल्द दूर कर ली जायेगी. कुछ तकनीकी दिक्कत के कारण लोगों को परेशानी हो रही है. संबंधित पदाधिकारी को समस्या के समाधान के लिए निर्देश दिया गया है.

उन्होंने कहा कि लोगों की हर समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता है. कुछ दिनों में जोधाडीह क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पानी मिलने लगेगा. मेयर ने निगम क्षेत्र के लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की समस्या होने पर संबंधित पार्षद या निगम कार्यालय को इसकी सूचना दें.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >