सरस्वती विद्या मंदिर-03 सी में बालक वर्ग के लिए दो दिवसीय 37वीं प्रांतीय खो-खो व कबड्डी प्रतियोगिता मंगलवार से शुरू हुई. अंडर 14 का पहला कबड्डी मैच ललमटिया और भूली नगर के बीच खेला गया. इसमें 22- 36 से ललमटिया की टीम विजय रही. अंडर 17 में चंद्रपुरा व बाघमारा के बीच मुकाबला हुआ. इसमें 35-17 से चंद्रपुरा की टीम विजय हुई. इससे पहले प्रतियोगिता के उद्घाटन के बाद सभी प्रतिभागियों को अनुशासित खेल प्रदर्शन की शपथ दिलायी गयी. विद्या विकास समिति झारखंड के खेलकूद संरक्षक व देवघर विभाग के प्रमुख सुरेश मंडल ने कहा कि बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी है. धन्यवाद ज्ञापन में विद्या मंदिर-09 डी के अध्यक्ष अभय रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की शक्ति विकसित करता है.
33 विद्यालयों के 637 बालक ले रहे हैं भाग
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राज्य के 33 विद्यालयों से 14 से 19 आयु वर्ग के 637 बालक पहुंचे हैं. प्रतियोगिता बाल वर्ग, किशोर वर्ग व तरुण वर्गों में कराया जा रही है. इस प्रतियोगिता की विजेता टीमें क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगी. मौके पर धनबाद विभाग के प्रमुख नीरज कुमार लाल, विद्या विकास समिति झारखंड के पूर्णकालिक अधिकारी वृंद राजेश कुमार, ब्रजेश कुमार सिंह, ज्ञान मंदिर ट्रस्ट के सचिव व प्रांतीय प्रतिनिधि सिद्धेश नारायण दास, संयोजक व विद्या मंदिर-09 डी के सचिव जीपी सिंह, विद्या मंदिर-02 ए के सचिव अनिल कुमार, बोकारो जिला खेल समन्वयक चंद्रभूषण शुक्ला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर सह संघचालक सरयू गोस्वामी, विभाग कार्यवाह धीरेंद्र गोप, स्थानीय विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र कामत, संजीव कुमार, पंकज मिश्रा आदि मौजूद थे.
