बोकारो के 12 मेधावी छात्रों को मिला सिंगापुर-मलेशिया घूमने का मौका, जानें इस खास शैक्षणिक यात्रा की वजह

दी पेंटिकॉस्टल असेंबली स्कूल बोकारो के 12 मेधावी छात्र सिंगापुर और मलेशिया की सात दिवसीय शैक्षणिक यात्रा पर गए. 95% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले इन छात्रों को स्कूल के 'ग्लोबल अचीवर्स कार्यक्रम' के तहत यह प्रायोजित यात्रा मिली. इससे उनका वैश्विक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास बढ़ा है.

बोकारो. दी पेंटिकॉस्टल असेंबली स्कूल, बोकारो के ‘ग्लोबल अचीवर्स कार्यक्रम’ के तहत 12 मेधावी विद्यार्थियों का दल 15 सितंबर से सिंगापुर और मलेशिया की सात दिवसीय शैक्षणिक यात्रा पर है. कार्यक्रम के तहत सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पूर्णतः प्रायोजित अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक यात्रा करायी जाती है. स्कूल के अनुसार, अब तक 300 से अधिक विद्यार्थी इस पहल का लाभ उठा चुके हैं.

कार्यकारी निदेशक और प्राचार्या ने किया नेतृत्व

इस वर्ष विद्यार्थियों के दल का नेतृत्व स्कूल के कार्यकारी निदेशक डॉ. डैनियल माइकल प्रसाद और प्राचार्या डॉ. करुणा प्रसाद ने किया. दल में स्कूल टॉपर उत्कर्षा के अलावा ऋषि जोसेफ, नथानिएल मैथ्यू, दिव्यांशु सिन्हा, पलक, साक्षी कुमारी, ज़ोया परवीन, रिदम अग्रवाल, हर्षित सिंह, रिशांत विद्यार्थी, सत्यम चौहान और सत्यम कांत शामिल हैं.

सिंगापुर–मलेशिया की सात दिवसीय शैक्षणिक यात्रा पर स्टूडेंट्स | Prabhat Khabar Network

यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में पेट्रोनास ट्विन टावर्स, बाटू केव्स, जेंटिंग हाइलैंड्स, सनवे लैगून, इस्ताना नेगारा और पुत्रजया का भ्रमण किया. पेट्रोनास ट्विन टावर्स की 86 मंजिली इमारत भी विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रही.

इसके बाद सिंगापुर में विद्यार्थियों ने मर्लियन परिसर और ज्वेल चांगी एयरपोर्ट का भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के शहरी परिवेश, स्वच्छता, अनुशासन, तकनीकी विकास और बहुसांस्कृतिक जीवनशैली को करीब से समझने का अवसर पाया.

वैश्विक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास बढ़ाना उद्देश्य

कार्यकारी निदेशक डॉ. डैनियल माइकल प्रसाद ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास से लैस करना है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न संस्कृतियों और व्यवस्थाओं को समझने से विद्यार्थियों के सीखने का दायरा व्यापक होता है.

संस्थापक निदेशक रेवरेंड डॉ. डीएन प्रसाद और मुख्य शैक्षणिक अधिकारी रीता प्रसाद ने बताया कि कार्यक्रम विद्यार्थियों में समय-प्रबंधन, निर्णय क्षमता और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है.

विद्यार्थियों ने साझा किया अनुभव

10वीं की टॉपर उत्कर्षा ने यात्रा को अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया. विद्यार्थियों ने विभिन्न स्थानों के भ्रमण के दौरान वहां की व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक विविधता को करीब से देखने और समझने का अनुभव साझा किया. स्कूल के अनुसार, इस तरह की यात्राओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक और वैश्विक अनुभव उपलब्ध कराना है.

ये भी पढ़ें: शरद ऋतु की आहट: जलाशयों के किनारे क्यों बिछ गई कांस के फूलों की सफेद चादर? जानिए इसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kumar tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >