बोकारो से रंजीत कुमार की रिपोर्ट
बोकारो: सेक्टर-4 सिटी सेंटर स्थित डॉ. विकास रेड लैब (सोनोग्राफी सेंटर) में बुधवार को सोनोग्राफी में देरी को लेकर जमकर हंगामा हुआ. सोनोग्राफी कराने पहुंचे एक मरीज के परिजनों ने जांच में देरी को लेकर सेंटर में हंगामा शुरू कर दिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई. विवाद बढ़ने पर मरीज के परिजनों के साथ आये युवकों ने सेंटर के शीशे का गेट तोड़ दिया.
हंगामा बढ़ने पर मामले की सूचना सेक्टर-4 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सेंटर के बाहर जमा भीड़ को हटाया. इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाना ले गयी, जहां थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों की बात सुनी.
अधिक मरीज होने के कारण सोनोग्राफी में लग रहा था समय
सेंटर प्रबंधक गुंजन कुमार ने बताया कि बुधवार को सोनोग्राफी कराने के लिए मरीजों की संख्या अधिक थी. इस कारण जांच में समय लग रहा था. इसी दौरान एक मरीज के परिजन जल्द सोनोग्राफी कराने का दबाव बनाने लगे. इसे लेकर सेंटर में कार्यरत एक कर्मचारी के साथ उनकी बकझक हो गयी. आरोप है कि इसके बाद मरीज के साथ आये युवकों ने सेंटर के शीशे का गेट तोड़ दिया.
वहीं, मरीज के परिजनों का कहना था कि सेंटर के कर्मचारी उनके साथ दुर्व्यवहार कर रहे थे. इसी वजह से विवाद बढ़ा और गुस्से में शीशे का गेट टूट गया.
समझाने के बाद दोनों पक्ष लौटे
पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उन्हें समझाया-बुझाया. सेंटर प्रबंधन और मरीज के परिजनों की ओर से थाना में किसी तरह की प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी. इसके बाद दोनों पक्षों को वापस भेज दिया गया.
घटना को लेकर चिकित्सकों के संगठन, अस्पताल संचालक संगठन, सोनोग्राफी सेंटर संचालक संगठन और पैथोलॉजी लैब संचालक संगठन ने निंदा की है. संगठनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर भरोसा जताते हुए संतोष व्यक्त किया है.
