बीएसएल की इडी-एचआर राजश्री बनर्जी के साथ बोकारो स्टील रिटायर्ड एम्प्लाइज एसोसिएशन की स्ट्रक्चर्ड मीटिंग सोमवार को हुई. प्रबंधन की ओर से मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अंजनी शरण, मुख्य महाप्रबंधक नगर सेवाएं कुंदन कुमार, बोकारो जनरल हॉस्पिटल के चिकित्सा प्रशासन के प्रमुख डॉ दीपक कुमार और शिशु रोग विभाग के प्रमुख डॉ इन्द्रनील चौधरी, महाप्रबंधक (कार्मिक) नीना सिंह, महाप्रबंधक (कार्मिक ) प्राजंलि, कल्पना (अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ) व एसोसिएशन की ओर से पेट्रोन श्याम मोहन, अध्यक्ष एचसीपी वर्णवाल, महामंत्री राम आगर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष एमपी सिंह, उपाध्यक्ष एमएम ठाकुर, मंत्री रणजीत सिन्हा व नरेन्द्र कुमार, कोषाध्यक्ष जगदीश सिंह, लीज्ड होल्डर्स एसोसिएशन के महामंत्री एलएन केसरी, यशपाल-सचिव, एसके सिंह, सहायक सचिव अरुण विश्वकर्मा व पूर्व एचओडी पर्यावरण विभाग बीसी राय सहित कई सेक्टर प्रभारी उपस्थित थे. लाइसेंस पर आवंटित क्वार्टरों के ऑनलाइन रिन्यूअल की मांग पर प्रबंधन ने सहमति दी. इसकी प्रक्रिया शीघ्र चालू हो जायेगी. सभी टाइप के क्वार्टरों का लाइसेंस पर आवंटन की मांग पर प्रबंधन का कहना था इसका निर्णय कॉरपोरेट ऑफिस के स्तर से होना है. एसोसिएशन के महामंत्री राम आगर सिंह ने कहा कि बीजीएच में रूम नंबर तीन और अन्य सीनियर डॉक्टर को दिखाने वाले कमरे में पहले से नंबर लिये गये लोगों को पुनः नंबर लगाना पड़ता है और बीजीएच जाने पर पता चलता है कि डॉक्टर छुट्टी या मीटिंग में हैं. इस पर यह निर्णय हुआ है कि पुराने कैज्युल्टी के बगल में स्थित सूचना केंद्र के नोटिस बोर्ड पर इसकी सूचना दी जायेगी. उन डॉक्टरों की अनुपस्थिति में वैकल्पिक प्रबंध का आश्वासन मिला. किसी खास दुकान से दवा खरीदने के लिए कहने वाले डॉक्टरों के संबंध में लोगों से चिकित्सा प्रशासन में शिकायत करने के लिए कहा गया. फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन आदि के कॉन्ट्रैक्ट में रिन्यूअल में हो रही देरी के निराकरण के लिए निर्णय लिया गया है कि कॉन्ट्रैक्ट के समय रहते इसका इंतजाम किया जायेगा. कहा गया कि सेक्टर 6 हेल्थ सेंटर में फार्मासिस्ट सुबह और सेक्टर -1 में शाम में उपलब्ध रहेंगे. डॉक्टरों की कमी के समाधान के लिए प्रबंधन लगातार प्रयत्न कर रहा है. दवाओं की उपलब्धता के बारे में सामान्य तौर पर संगठन ने संतोष व्यक्त किया है. नगर सेवा विभाग के बारे में लीज हाउस में विल के अनुसार नॉमिनेशन की समस्या के निराकरण के लिए यह विचार आया कि इस पर विभिन्न स्टील प्लांट में किये जा रहे प्रावधानों व कानूनी सलाह लिया जाना चाहिए. कहा गया कि लीज्ड हाउस बिक्री करने वाले मामले में कॉरपोरेट वैल्यूएशन की टीम प्रत्येक तिमाही में फाइनल वैल्यूएशन कर देगी. सेक्टर चार एफ पार्क पुनः व्यवस्थित होगा सेक्टर चार एफ पार्क को पुनः व्यवस्थित कर संगठन को सुपुर्द कर देने पर सहमति बनी है और आगे से इसकी देखभाल करने की गारंटी संगठन को करने पर सहमत हो गये है. सेक्टर 1 में एक पार्क का डेवलपमेंट किया जायेगा, जो सचिव रणजीत सिन्हा की देखरेख में होगा और उसकी रक्षा और देखभाल करने के लिए मोहल्ला समिति बनायी जायेगा.
Bokaro News : लाइसेंस पर आवंटित बीएसएल क्वार्टरों का होगा ऑनलाइन रिन्यूअल
Bokaro News : बीएसएल की इडी-एचआर के साथ बोकारो स्टील रिटायर्ड एम्प्लाइज एसोसिएशन की स्ट्रक्चर्ड मीटिंग हुई.
