ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति बोकारो के नयामोड कार्यालय प्रांगण में महारत्न ओएनजीसी का 71वां स्थापना दिवस शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता परिसंपत्ति प्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा ने की. इस अवसर पर ओएनजीसी बोकारो के प्रमुख मानव संसाधन दयानन्द कालुंडिया ने परिसंपत्ति प्रबंधक का बुके भेंट कर स्वागत किया.
शहीद कार्मिकों को दी गयी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत ऊर्जा सुरक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले ओएनजीसी कार्मिकों की स्मृति को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गयी. इसके बाद गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा ओएनजीसी का ध्वजारोहण किया गया.
ऊर्जा सुरक्षा के लिए संकल्पित रहने का आह्वान
मौके पर परिसंपत्ति प्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि ओएनजीसी देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से ऊर्जा सुरक्षा के लक्ष्य के प्रति हमेशा संकल्पित रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास में ओएनजीसी की भूमिका महत्वपूर्ण है और संस्था भविष्य में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करती रहेगी.
परिसर में किया गया पौधरोपण
स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यालय प्रांगण में पौधरोपण भी किया गया. कार्यक्रम में प्रमुख एचईसी विजयेंद्र सिंह, प्रमुख सब सर्फेस टीम सुनाराम मरांडी, प्रमुख ड्रिलिंग अपूर्वज्योति बोरा, भूतल दल प्रमुख विपिन प्रसाद, इंजीनियरिंग सर्विसेज के शिशिर रतन केरकेट्टा, प्रमुख कूप सेवाएं विकास चंद्र सिंह, प्रमुख लॉगिंग सर्विसेज बीरेन्द्र सिंह सहित सभी विभाग प्रमुख, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
