Bokaro News : स्क्रूटनी में तीन प्रत्याशी का नामांकन रद्द

Bokaro News : निकाय चुनाव : अध्यक्ष के नौ और पार्षद के 136 उम्मीदवारों के पर्चे सही

Bokaro News : प्रतिनिधि, फुसरो. फुसरो नगर परिषद चुनाव को लेकर गुरुवार को अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के लिए नियुक्त निर्वाची पदाधिकारियों ने नामांकन प्रपत्र की जांच (स्क्रूटनी) की. वार्ड पार्षद पद के तीन प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया. इसमें वार्ड संख्या 21 से शबाना परवीन, वार्ड संख्या 23 से मनोज कुमार सिंह एवं वार्ड संख्या 28 से कंचन देवी शामिल हैं. अब अध्यक्ष पद से नौ एवं वार्ड पार्षद पद से 136 उम्मीदवार बचे हुए हैं. यहां निर्वाची पदाधिकारी सह बेरमो एसडीएम मुकेश मछुआ ने सामान्य ऑब्जर्वर सादात अनवर की उपस्थिति में अध्यक्ष पद के नामांकन प्रपत्रों की स्क्रूटनी की, जिसमें अध्यक्ष पद के सभी 9 अभ्यर्थियों द्वारा जमा किया गया प्रपत्र वैध पाया गया. जबकि नप के सभी 28 वार्डों से 139 अभ्यर्थियों द्वारा जमा किया गया नामांकन प्रपत्र की जांच में तीन अभ्यर्थियों के प्रपत्र में त्रुटि पाये जाने पर उसे रद्द कर दिया गया. नामांकन रद्द होने की वजह समर्थक के हस्ताक्षर की कमी, आवश्यक जानकारियां पूरी तरह से दर्ज न होने के अलावा नामांकन अमान्य पाया गया. अध्यक्ष सहित वार्ड पार्षदों के लिए अलग-अलग आरओ अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के प्रपत्र की स्क्रूटनी निर्वाची पदाधिकारी सह बेरमो एसडीएम मुकेश मछुआ एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी कुमार कनिष्क ने की. वहीं पार्षदों के प्रपत्रों की स्क्रूटनी वार्ड संख्या 1 से 7 तक के आरओ बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार व एआरओ बिनोद प्रसाद, वार्ड संख्या 8 से 14 तक का आरओ बेरमो सीओ संजीत कुमार सिंह व एआरओ प्रमोद कुमार सिंह, वार्ड संख्या 15 से 21 तक के आरओ जरीडीह सीओ प्रणव ऋतुराज व एआरओ मनोज कुमार बेदिया, वार्ड संख्या 22 से 28 तक का आरओ चंद्रपुरा बीडीओ ईश्वर दयाल कुमार महतो व एआरओ निरंजन हांसदा ने की. शुक्रवार को प्रत्याशियों द्वारा नामांकन वापस लेने की तिथि निर्धारित है. नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को सात फरवरी को चुनाव चिह्न आवंटित किया जायेगा. स्क्रूटनी के बाद बढ़ी चुनावी सरगर्मी : फुसरो नगर परिषद चुनाव को लेकर अभ्यार्थियों के नामांकन प्रपत्र की जांच प्रक्रिया संपन्न होने के बाद चुनावी सरगर्मी बढ़ गयी है. प्रत्याशी अपने-अपने चुनाव प्रचार में जुट गये हैं. प्रत्याशी डोर टू डोर कैंपेन कर रहे हैं. वार्ड 23 से मनोज सिंह के नामांकन रद्द होने से दूसरे प्रत्याशी ने ली राहत की सांस फुसरो नप चुनाव में वार्ड नंबर 23 पूरे चर्चा में चल रहा है. इस वार्ड से कुल आठ उम्मीदवार अनिता कुमारी, रमेश कुमार, नीरज कुमार बरनवाल, मनोज कुमार सिंह, केदार प्रसाद सिंह, राकेश कुमार, रोहित अग्रवाल, दीपक कुमार गुप्ता ने नामांकन कराया था. मनोज सिंह के नाम की चर्चा इस वार्ड में चल रही थी. इन्होंने पूरे तामझाम के साथ नामांकन कराया था, लेकिन इनका प्रस्तावक का हस्ताक्षर नहीं होने से नामांकन रद्द कर दिया गया. इनके नामांकन रद्द होने से बाकी के बचे सात प्रत्याशियों ने राहत की सांस ली है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Manoj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >